उदयपुर: प्रतापनगर थाना पुलिस ने सवा किलो गांजा के साथ तस्कर को पकड़ा
प्रतापनगर पुलिस ने दबिश देकर बिहार निवासी गोपाल को दबोचा, मुख्य सप्लायर के घर से भी मादक पदार्थ बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

उदयपुर। शहर की प्रतापनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से गांजा बेचने वाले एक आरोपी को धर-दबोचा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सवा किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस को पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी कि बीपीसीएच पेट्रोल पंप के पीछे स्थित प्रथम गली, मठ मादड़ी कॉलोनी में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजे की बिक्री कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने चिन्हित स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपनी पहचान गोपाल पुत्र जौली पासवान के रूप में दी, जो मूलतः मिल्की बंकापुर, बालिसनगर, समस्तीपुर (बिहार) का निवासी है और वर्तमान में मठ मादड़ी, प्रतापनगर में रह रहा है।
जब पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से 1 किलो 220 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी गोपाल ने स्वीकार किया कि वह यह गांजा बद्रीनाथ पुत्र बंशीलाल कालबेलिया, निवासी मठ मादड़ी से खरीदकर लाया था। उसने यह भी खुलासा किया कि वह थोक में गांजा खरीदकर उसे छोटी-छोटी थैलियों में भरकर ग्राहकों को बेचता है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल बद्रीनाथ कालबेलिया के आवास पर दबिश दी। वहां बद्रीनाथ तो नहीं मिला, लेकिन उसकी पत्नी सीता कालबेलिया मौजूद मिली। घर की गहन तलाशी लेने पर पुलिस को वहां से भी 366 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों मामलों में मादक पदार्थ जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों का पता लगाया जा सके।

