उदयपुर जनसुनवाई: कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने 166 परिवेदनाओं का किया निस्तारण
जिला स्तरीय जनसुनवाई में 166 से अधिक समस्याओं पर हुई त्वरित सुनवाई, कलेक्टर ने अधिकारियों को पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ समाधान के दिए निर्देश।

दयपुर में गुरुवार को कलक्ट्रेट के मिनी सभागार में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सतर्कता समिति की बैठक में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया। इस जनसुनवाई में जिले भर से प्राप्त 166 से अधिक परिवेदनाओं को गंभीरता से सुना गया। प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के प्रभावी और त्वरित निस्तारण हेतु द्विस्तरीय सुनवाई की व्यवस्था अपनाई गई। जनसुनवाई के दौरान विभागों से जुड़ी प्राप्त परिवेदनाओं की एक-एक प्रति संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों को तत्काल उपलब्ध कराई गई, जिन्होंने स्थल पर ही परिवादियों को सुन राहत प्रदान करने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की। जिला कलक्टर ने स्वयं इन परिवादियों से संवाद कर फीडबैक भी लिया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए कलक्टर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित उपखण्ड अधिकारियों से संवाद कर उन्हें तत्काल समाधान के निर्देश दिए, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी मौके पर ही राहत मिल सके।
जनसुनवाई के उपरांत जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने उपस्थित समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परिवेदनाओं का निस्तारण पूर्ण संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाए ताकि आमजन को शीघ्र न्याय मिल सके। इस कार्यक्रम से पूर्व कलक्टर ने सतर्कता समिति की बैठक लेकर समिति में दर्ज प्रकरणों की प्रगति की गहन समीक्षा की और लंबित मामलों के निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, गिर्वा एसडीएम अवुला सांइकृष्ण सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिले के समस्त एसडीएम एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई से जुड़े रहे, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में एक प्रभावी पहल सुनिश्चित हुई।

