उदयपुर के ध्रुवराज सिंह शेखावत सेना में लेफ्टिनेंट बने, अभिनंदन
राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ ने नाकोड़ा पुरम पहुंचकर बधाई दी; ध्रुवराज की सफलता से उदयपुर का नाम रोशन हुआ।

उदयपुर में राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के सदस्य ध्रुवराज सिंह शेखावत का अभिनंदन करते हुए।
उदयपुर, 8 सितंबर। भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होकर उदयपुर लौटे युवा ध्रुवराज सिंह शेखावत का राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। संघ के प्रदेश महामंत्री भैरू सिंह राठौड़ के नेतृत्व में शारीरिक शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने नाकोड़ा पुरम स्थित उनके आवास पहुंचकर साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय सेना में गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल करने पर ध्रुवराज सिंह शेखावत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ध्रुवराज सिंह शेखावत, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रेबारियो का गुड़ा की शारीरिक शिक्षिका मधु शेखावत के सुपुत्र हैं तथा उनके पिता का नाम कुलदीप सिंह राठौड़ है। भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में चयनित होकर उन्होंने अपने परिवार, शिक्षकों एवं क्षेत्र के साथ उदयपुर जिले का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री भैरू सिंह राठौड़ ने कहा कि सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा का अवसर प्राप्त करना अत्यंत गौरव की बात है। उन्होंने ध्रुवराज सिंह शेखावत की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि खेल, अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के माध्यम से युवा जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।
जिला अध्यक्ष गोवर्धन सिंह झाला ने भी ध्रुवराज सिंह शेखावत को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि परिवार के साथ-साथ समस्त शारीरिक शिक्षक समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि ध्रुवराज भारतीय सेना में अपनी सेवाओं के माध्यम से देश का नाम रोशन करेंगे।
अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ के प्रदेश प्रतिनिधि हरीश कुमार जोशी, मीडिया प्रभारी एवं हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के संभाग आयुक्त गोपाल मेहता मेनारिया, संजय पंड्या, रणवीर सिंह राणावत, मोतीलाल भगोरा सहित अन्य शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने लेफ्टिनेंट ध्रुवराज सिंह शेखावत को देश सेवा के इस गौरवपूर्ण दायित्व के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
