उदयपुर-दरौली नेशनल हाईवे पर ट्रेलर से टकराई स्कॉर्पियो, दो युवकों की मौत
वल्लभनगर के दरौली में खड़े ट्रेलर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, हादसे में दो की मौत और एक गंभीर घायल, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम।

उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र के दरौली से होकर गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर माताजी के मंदिर के पास एक ट्रेलर और स्कॉर्पियो कार की भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना का विवरण और रेस्क्यू ऑपरेशन
डबोक थाने के एएसआई मांगीलाल ने बताया कि विनोद पुत्र मांगीलाल मेनारिया निवासी खरसान दो युवकों के साथ स्कॉर्पियो कार से उदयपुर की तरफ जा रहा था। वहीं, एक ट्रेलर दरौली स्थित माताजी के मंदिर के पास हाईवे रोड पर खड़ा था। इसी बीच तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो कार की ट्रेलर के पीछे जाकर भिड़ंत हो गई। इस हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने हादसे के बारे में डबोक थाना पुलिस एवं हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचित किया। जिससे पुलिस एवं हाईवे पेट्रोलिंग टीम एंबुलेंस व क्रेन के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से गंभीर घायल हुए विनोद, दिनेश मीणा व शाहरुख खान को कड़ी मशक्कत के बाद कार में से निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने जांच के बाद विनोद पिता मांगीलाल मेनारिया निवासी खरसान व दिनेश मीणा निवासी धरियावद को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर घायल हुए शाहरुख खान को एमबी अस्पताल रेफर कर दिया।
यातायात व्यवस्था और कानूनी कार्रवाई
इस हादसे के बाद हाईवे रोड पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। पुलिस व हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन की सहायता से कार एवं ट्रेलर को सड़क से दूर हटवा कर यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शुक्रवार को परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया गया।

Hemant Ameta, Udaipur
हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।
