उदयपुर: हरियाव दलित बिंदोली हमले के खिलाफ बसपा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
डबोक के हरियाव गांव में दुल्हन की बिंदोली पर हुए पथराव के विरोध में बहुजन समाज पार्टी ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की।

उदयपुर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर हरियाव गांव की घटना के विरोध में प्रदर्शन करते बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता।
उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र स्थित हरियाव गांव में दलित समाज की बेटी पूजा मेघवाल की बिंदोली पर हुए हमले को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने बुधवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन कर राजस्थान के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। बसपा की जिला इकाई ने लोकसभा जॉन प्रभारी एडवोकेट जगदीश चंद्र पाल के नेतृत्व में यह ज्ञापन जिला कलेक्टर उदयपुर के माध्यम से प्रेषित किया।
ज्ञापन में 29 अप्रैल 2026 को हरियाव गांव में हुई घटना का उल्लेख करते हुए बताया गया कि दलित समाज की बेटी पूजा मेघवाल की बिंदोली के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने दूल्हे को घोड़ी से उतारकर उसके साथ मारपीट की और पथराव किया। इस मामले में डबोक थाने में एफआईआर संख्या 108/2026 दर्ज की गई है। पार्टी का आरोप है कि घटना में कई लोगों की संलिप्तता होने के बावजूद अब तक केवल कुछ आरोपियों की ही गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
बसपा के लोकसभा जॉन प्रभारी एडवोकेट जगदीश चंद्र पाल ने कहा कि यह घटना मानवता और संविधान दोनों के खिलाफ है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की। बसपा नेता सीपी खटीक ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संवैधानिक अधिकारों के बावजूद आज भी दलित समाज पर अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पीड़ित दुल्हन घोड़ी पर बैठकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंची और प्रशासन के सामने अपनी पीड़ा जाहिर की। यह दृश्य प्रदर्शन का केंद्र बना रहा और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने घटना के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
इस दौरान लोकसभा जॉन प्रभारी जगदीश चंद्र पाल, उदयपुर के सीपी खटीक, सुरेश कुमार मेघवाल, होशियार सिंह जाटव, जिलाध्यक्ष नरेश मेघवाल, शिव कुमार गौतम, कृष्ण गौतम, पप्पू गमेती, मांगीलाल सेन, जगदीश बाबरिया, रोशन मेघवाल, दिनेश मेघवाल और सुनील मेघवाल सहित बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर लगातार प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
