उदयपुर: दलित युवती की बिंदोली पर पथराव और हमला, चार आरोपी गिरफ्तार
डबोक के हरियाव गांव में बिंदोली के दौरान युवती को घोड़ी से उतारा और तलवारों से हमला किया, पुलिस ने मुख्य आरोपियों को दबोचा।

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में सामाजिक सद्भाव को तार-तार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां डबोक थाना क्षेत्र के हरियाव गांव में एक दलित युवती की बिंदोली के दौरान दबंगों ने न केवल पथराव किया, बल्कि दुल्हन को जबरन घोड़ी से उतारकर मारपीट की। इस सनसनीखेज मामले में तत्परता दिखाते हुए डबोक थाना पुलिस ने मुख्य हमलावरों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार, हरियाव निवासी भैरूलाल पुत्र उंकार मेघवाल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उनकी पुत्री पूजा मेघवाल की बिंदोली निकाली जा रही थी। जब बिंदोली धीरा तलाई के मुख्य मार्ग पर पहुंची, तब गांव के ही लक्ष्मण सिंह, माधु सिंह, किशन सिंह, उदय सिंह, अर्जुन सिंह (सभी पुत्र भान सिंह), सुल्तान सिंह के जमाई तखत सिंह, फतेह सिंह, विक्रम सिंह और उनके परिवार की महिलाओं ने एकराय होकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि माधु सिंह की पुत्री मंजु कुंवर ने जितेंद्र मेघवाल की फेंट पकड़ी और जातिसूचक गालियां देना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और आरोपियों ने डीजे बंद करवाकर दुल्हन पूजा को जबरन घोड़ी से नीचे उतार दिया।
हमलावरों ने इसके बाद मेहमानों और परिजनों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए और लट्ठ, सरियों व तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में तखत सिंह ने तलवार से वार किया, जिससे मोतीखेड़ा निवासी वरदी चन्द मेघवाल सहित गणेश मेघवाल, जितु मेघवाल, मंजु मेघवाल, लक्ष्मीबाई, हितेश, सुरेश, पुष्कर, कैलाश और जगदीश मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। लूटपाट की नीयत से आरोपियों ने मंजु मेघवाल और तुलसी मेघवाल के गले से मंगलसूत्र भी छीन लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए लक्ष्मण सिंह, किशन सिंह, उदय सिंह और तख्तसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब शेष फरार आरोपियों और हमले में शामिल महिलाओं की तलाश में जुटी है, ताकि इस अमानवीय कृत्य के सभी दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जा सके।

