उदयपुर: डबोक में बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो भाइयों को कुचला, दोनों की मौत
डबोक थाना क्षेत्र के लाडिया खेड़ा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा।

उदयपुर के समीप डबोक थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो मौसेरे भाइयों की जान चली गई। तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई और अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना का विवरण और पीड़ितों की पहचान
पुलिस के अनुसार जसवंत (18) पुत्र लालू राम गमेती निवासी छोटा भल्लों का गुड़ा कुराबड अपने मौसेरे भाई ललित (17) पुत्र वजाराम गमेती निवासी करगेट गोडवा कुराबड के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी भुआ के घर भैसडा गए थे। वहां से मंगलवार दोपहर को दोनों युवक वापस अपने घर लौट रहे थे। जब वे लाडिया खेड़ा भैंसडा पहुंचे, उसी दौरान सामने से तेज गति में आ रहे ट्रैक्टर चालक ने गफलत व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों मौसेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी।
ट्रैक्टर चालक फरार, पुलिस की कार्रवाई
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से नीचे गिर गए और ट्रैक्टर के टायर उन पर चढ़ गए। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस तलाश रही है। राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों को निकाला और गंभीर घायल अवस्था में एमबी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक जसवंत के पिता लालूराम गमेती की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
