उदयपुर: डबोक में महिला से लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, सोने का मादलिया बरामद
आनंदपुरा में खेत जा रही महिला से बाइक सवार तीन बदमाशों ने तोड़ा था सोने का मादलिया, पुलिस ने सनवाड और खरताणा से दो को दबोचा।

उदयपुर शहर के समीप डबोक थाना पुलिस ने एक महिला से सोने का एक तोला वजनी मादलिया चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
खेत पर जाते समय लूट की वारदात
पुलिस के अनुसार नारायणी बाई पत्नी प्रेमलाल गायरी, निवासी आनंदपुरा डबोक ने मामला दर्ज करवाया कि 31 दिसम्बर को वह खेत पर गाय लेने जा रही थी। सड़क से कुछ आगे जाने पर राजेश शर्मा की बाडी के सामने एक बाइक पर तीन लड़के आए, जो उसे अकेली देख कर थोड़ा आगे जाकर वापस आए। बाइक पर सबसे पीछे बैठे व्यक्ति ने महिला का गला पकड़ कर गले में पहने सोने के तीन मादलिए तोड़ लिए।
महिला के संघर्ष से बचा एक मादलिया
नारायणी बाई के शोर चिल्लाने पर चोर दो मादलिए लेकर भागने लगे। "संघर्ष करने पर एक मादलिया नीचे गिर गया जो मिल गया है, लेकिन चोर करीब एक तोला वजनी सोने के मादलिए चोरी कर ले गए।" पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की।
पुलिस कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी
डबोक थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच के बाद किशनलाल पुत्र मांगीलाल जटीया निवासी सनवाड फतहनगर और प्रकाश पुत्र हजारीलाल जाट निवासी खरताणा फतहनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब मामले में शामिल तीसरे फरार आरोपी और चोरी के माल की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
