डबोक में डेयरी फर्म की आड़ में साइबर ठगी, आरोपी के बैंक खाते में मिले लाखों रुपये
खेमली के बंशीलाल डांगी के खाते में 54 शिकायतों के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी के घर से फरार होने पर जांच तेज।

उदयपुर शहर के समीप डबोक थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के खिलाफ साइबर ठगी कर पैसा अपने खाते में मंगवाने का मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल व साइबर क्राइम को लेकर एएसआई मुकेश कुमार की टीम ने एक साइबर शिकायत की जांच शुरू की थी।
कैनरा बैंक के खाते में 54 साइबर शिकायतें
जांच के दौरान पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि कैनरा बैंक के एक खाते के विरुद्ध कुल 54 साइबर शिकायतें दर्ज थी। पुलिस की पड़ताल में यह विशेष खाता खेमली गांव में खुलवाना सामने आया। इस खाते के विश्लेषण से यह स्पष्ट हुआ कि इसमें अधिक मात्रा में साइबर धोखाधड़ी के रूपये जमा हो रहे थे। यह खाता मैसर्स पटेल डेयरी फर्म के बंशीलाल डांगी पुत्र भैरूलाल डांगी निवासी लावा तलाई सांगवा घासा का था।
संदिग्ध लेनदेन और आरोपी की फरारी
पुलिस ने जब संबंधित खाते की डिटेल लेकर गहनता से पता किया, तो सामने आया कि खाते में अलग-अलग जगहों से काफी रूपये जमा हो रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह रही कि "यह पैसा हाथों-हाथ ही अन्य माध्यमों से निकाला भी जा रहा है।" पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी बंशीलाल डांगी अपने घर से फरार चल रहा था। जांच में यह पुष्टि हुई है कि इस तरह से बंशीलाल डांगी लोगों से साइबर ठगी कर रहा है। डबोक पुलिस ने अब इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
