उदयपुर। झीलों की नगरी में सक्रिय साइबर अपराधियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर की साइबर थाना पुलिस ने बैंक खातों की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले मुख्य सरगना को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

थानाधिकारी राम निवास विश्नोई के अनुसार, पुलिस टीम यूनिवर्सिटी रोड स्थित केशव नगर आकार कॉम्प्लेक्स के पीछे संदिग्ध बैंक खातों के लेन-देन की सूचना पर कार्रवाई कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की गई, जो पुलिस को देखकर घबरा गया। पुलिस द्वारा मनोवैज्ञानिक तरीके से तसल्ली देकर पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान ध्रुव सुवालका पुत्र इंद्रप्रकाश कलाल, निवासी मीरा नगर भुवाणा सुखेर, वर्तमान निवासी गुलशन नगर मल्ला तलाई अम्बामाता के रूप में बताई।

गहन पूछताछ में आरोपी ध्रुव ने स्वीकार किया कि वह लोगों से उनके बैंक खाते खरीदकर आगे अन्य अपराधियों को बेच देता था। वह खाताधारकों से न केवल बैंक खाते, बल्कि उनके एटीएम, डेबिट कार्ड और खातों से लिंक सिम कार्ड भी प्राप्त कर लेता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया, जिसकी अवधि के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से दो एटीएम कार्ड, सिम कार्ड सहित एक मोबाइल और पांच अन्य सिम कार्ड बरामद किए हैं।

जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी ध्रुव अपने साथी विकास (निवासी नाकोड़ा नगर) और सुख (निवासी चित्तौड़गढ़) के साथ मिलकर इस संगठित अपराध को अंजाम दे रहा था। ये लोग खरीदे गए बैंक खातों में साइबर फ्रॉड की अवैध राशि ट्रांसफर करवाते थे, जिसके बदले में इन्हें मोटा कमीशन मिलता था। सोमवार को रिमांड अवधि समाप्त होने और जांच पूर्ण होने पर मुख्य आरोपी ध्रुव सुवालका को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story