उदयपुर। शहर के व्यस्ततम सूरजपोल थाना क्षेत्र अंतर्गत उदियापोल चौराहे पर साइड देने के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जहाँ बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक पर सरिए से जानलेवा हमला कर उसे लहुलुहान कर दिया। इस संबंध में दूधतलाई रोड, पाला गणेशजी मंदिर के पास निवासी जय पुत्र राजेंद्र गौड़ ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, घटना 29 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है, जब वह अपने मित्र भरत और राजू के साथ जयपुर जाने के उद्देश्य से उदियापोल चौराहे पर पहुंचा था। इसी दौरान सामने से एक मोटरसाइकिल पर दो अज्ञात व्यक्ति आए और साइड को लेकर विवाद करने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के बयान के मुताबिक, बहस के दौरान एक हमलावर ने दूसरे को उकसाते हुए चिल्लाकर कहा कि "इलियास, इसको जान से मार दे।" इतना सुनते ही इलियास नामक युवक ने जान से मारने की नियत से जय के सिर पर लोहे के सरिए से जोरदार प्रहार किया। जय ने तत्परता दिखाते हुए खुद को बचाया, जिससे सिर पर वार होने से बच गया, किंतु दूसरा वार सीधे उसकी नाक पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से चोटिल हो गया। पीड़ित और उसके दोस्तों द्वारा शोर मचाने पर हमलावर अपनी मोटरसाइकिल को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। इस हमले में जय के शरीर पर अन्य स्थानों पर भी चोटें आई हैं। सूरजपोल थाना पुलिस ने इस हिंसक वारदात के विरुद्ध मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story