उदयपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, दो घंटे चला सघन तलाशी अभियान
जिला एवं सत्र न्यायालय को ई-मेल से मिली पांच धमाकों की चेतावनी के बाद पुलिस, डॉग स्क्वायड और क्यूआरटी ने परिसर खाली कराकर चप्पे-चप्पे की जांच की।

उदयपुर। शहर में जिला एवं सेंशन न्यायालय कोर्ट परिसर को सोमवार सुबह ई-मेल के जरिये बम से उडाने की धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में पुलिस व न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओ ने अदालत परिसर को खाली करा दिया और परिसर में संचालित सभी दुकानों को बंद करवा दिया। इसके बाद पुलिस टीमों ने बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वायड और क्विक रिस्पोंस टीमों ने करीब दो घंटे तक कोर्ट परिसर का चप्पा-चप्पा छान मारा पर कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली तो पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।
ई-मेल से मिली पांच धमाकों की चेतावनी
जिला एवं सेशन न्यायालय में सोमवार को सुबह 6.32 मिनट पर एक ई मेल आया कि कोर्ट परिसर में दोपहर एक बजे पांच धमाकें होंगे। इस धमकी भरे ई मेल का जैसे ही पता चला तो कोर्ट परिसर में हडकंप मच गया। वकील स्वत: ही कोर्ट परिसर खाली कराने में जुट गए इसके अलावा न्यायिक अधिकारी, कोर्ट मैनेजर, न्यायिक कर्मचारी एवं कोर्ट चौकी पुलिस ने तुरन्त थाने पर सूचना दी।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई
थाने से अधिकारी व जाब्ता कोर्ट परिसर में पहुंच गया और सभी ने मिलकर एकजुट होकर अदालत परिसर को आनन-फानन में खाली करा दिया व सारे व्यवसायिक, गैर व्यवसायिक कार्यालयो को एक बार तो बंद करवा दिया। उसके बाद डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते ने पहुंचकर पूरे कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे को खंगाला तो कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलवा लिया गया।
अधिवक्ताओं और बार अध्यक्ष का बयान
बार अध्यक्ष जितेन्द्र जैन ने बताया कि "धमकी भरे ई मेल में दोपहर करीब एक बजे से बम ब्लास्ट की धमकी लिखी थी। ई मेल मिलते ही पुलिस को बताया गया और पुलिस ने हरकत में आते हुए पूरे न्यायालय परिसर को खंगाला।" सोमवार को जिस समय बम ब्लास्ट की धमकी मिली उस समय न्यायालय परिसर में बडी संख्या में लोग मौजूद रहते है। सूचना मिलने पर बार के पूर्व अध्यक्ष मनीष शर्मा, उपाध्यक्ष लोकेश गुर्जर, सचिव आशीष कोठारी सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी कोर्ट परिसर को खाली करवाया।
आईटी सेल की मदद से आरोपी की तलाश शुरू
इधर भूपालपुरा थाना पुलिस ने ई-मेल पर मिली धमकी को गंभीरता से लेते हुऐ मामला दर्ज कर धमकी देने वाले की आईटी सेल की मदद से तलाश शुरू कर दी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
