उदयपुर: अपराधी को पकड़ने जा रहे कांस्टेबल की कार पलटने से मौत
सलूंबर जिले के नेशनल हाईवे 48 पर राजस्थान स्पिनिंग वीविंग मिल के पास निजी कार डिवाइडर से टकराई, हादसे में घायल एक अन्य कांस्टेबल सहित तीन का इलाज जारी।

उदयपुर। सलूंबर जिले में एक अपराधी को पकड़ने जा रहे कांस्टेबल की कार पलटने से दर्दनाक मौत हो गई। वह अपनी निजी कार से तीन अन्य लोगों के साथ जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई और यह भीषण हादसा हो गया। कांस्टेबल की अभी पिछले महीने 10 फरवरी को ही शादी हुई थी, हादसे की सूचना के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया।
ड्यूटी के दौरान नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा
डिप्टी चांदमल सिंगारिया ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले कांस्टेबल प्रवीण मीणा भूदर ऋषभदेव के निवासी थे और वर्तमान में सराड़ा थाने में तैनात थे। यह हादसा नेशनल हाईवे 48 पर राजस्थान स्पिनिंग वीविंग मिल के पास घटित हुआ। हादसे के समय कांस्टेबल प्रवीण मीणा ऋषभदेव स्थित पीपली गांव में एक स्थायी वारंटी की तलाश के लिए जा रहे थे। रास्ते में अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर से टकराई और पलट गई।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत घायलों को हॉस्पिटल लेकर गई, जहां उपचार के दौरान कांस्टेबल प्रवीण मीणा की मौत हो गई। हादसे में घायल हुए अन्य तीन लोगों का इलाज फिलहाल जारी है, जिनमें एक अन्य कांस्टेबल भी शामिल है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाया और राजकीय सम्मान के साथ मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
