उदयपुर: करोड़ों की आदिवासी जमीन हड़पने के मामले में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
भुवाणा क्षेत्र में भू-माफिया और पुलिस गठजोड़ के खिलाफ शहर व देहात कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग।

उदयपुर(वि.)। शहर के भुवाणा क्षेत्र में आदिवासी परिवार की करोड़ों रुपये की भूमि को कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक हड़पने, पुलिस-सत्ता गठजोड़ एवं पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने के विरोध में बुधवार को शहर व देहात कांग्रेस ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। शहर व देहात कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई।
भाजपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों पर मिलीभगत के गंभीर आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में भाजपा से जुड़े कुछ नेताओं एवं स्वयं को मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बताने वाले हेमंत शर्मा की भूमिका संदेहास्पद है। साथ ही, बाली से डिप्टी एसपी की पोस्टिंग करवाना तथा सुखेर थाना अधिकारी द्वारा न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करना इस ओर संकेत करता है कि कुछ पुलिस अधिकारी प्रभावशाली व्यक्तियों के दबाव में कार्य कर रहे हैं। पूर्व में भी कांग्रेस कमेटी द्वारा इस प्रकरण को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की जा चुकी है। इसके बाद प्रार्थी द्वारा न्यायालय में इस्तगासा पेश कर एफआईआर दर्ज करवाई गई, जिसमें आईजी, डीवाईएसपी एवं थाना अधिकारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर दबाव बनाकर भूमि की रजिस्ट्री कराने के प्रयास के आरोप लगाए गए हैं।
कानून व्यवस्था और लोकतांत्रिक मूल्यों पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि "यदि पुलिस प्रशासन ही पीड़ितों पर दबाव बनाने लगे तो आमजन, विशेषकर आदिवासी एवं कमजोर वर्ग, न्याय के लिए कहाँ जाएंगे।" उन्होंने जोर देकर कहा कि यह स्थिति कानून व्यवस्था एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंकज पालीवाल ने बताया कि इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सुरेश श्रीमाली, सांसद प्रत्याशी ताराचंद मीणा, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया उपस्थित रहे।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख कांग्रेस पदाधिकारी
विरोध प्रदर्शन के दौरान शहर जिला उपाध्यक्ष राजीव सुवालका, कौशल नागदा, खूबीलाल मेनारिया, दलपत सिंह चुंडावत, लोकेश चौधरी, दीपक सुखाड़िया, महामंत्री दिनेश कुमार दवे तथा संगठन महासचिव अरुण कुमार टांक सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि आदिवासी समाज की जमीन हड़पने के इस षड्यंत्र की उच्चस्तरीय जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
