उदयपुर: कांग्रेस की 'संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ' बैठक, फतह सिंह राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने हकीम खां सूरी मंडल में बूथ स्तर की कमेटियों के गठन और निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की।

उदयपुर (वि.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 'संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ' कार्यक्रम के तहत शहर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में हकीम खां सूरी मंडल की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वार्ड एवं बूथ स्तर की कमेटियों के गठन को लेकर ठोस रणनीति तय की गई और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राठौड़ ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि "आज देश और प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों से आमजन त्रस्त है। सरकार जनता के मुद्दों से पूरी तरह भटक चुकी है और केवल प्रचार-प्रसार की राजनीति में लगी हुई है।"
उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाया कि सरकार स्थानीय निकायों के चुनाव नहीं करवाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी सफल नहीं होने देगी।
कार्यकर्ताओं को संघर्ष का आह्वान
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि "यह समय व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं का नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष का है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता आमजन की आवाज बनकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों का मजबूती से मुकाबला करेगा।"
इस महत्वपूर्ण बैठक में महामंत्री दिनेश दवे, मंडल अध्यक्ष सज्जाद खान, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, महामंत्री मोहसिन खान, राजेंद्र शर्मा, बाबूलाल घावरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष तारीका भानुप्रताप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
