उदयपुर कलेक्ट्रेट में बिना हेलमेट प्रवेश वर्जित, एसपी ने खुद की चेकिंग
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों के लिए यातायात नियमों की सख्ती, कलेक्ट्रेट गेट पर दुपहिया और चार पहिया वाहनों की जांच।

उदयपुर(नगर संवाददाता)। ट्राफिक नियमों की पालना शहरवासी तभी करेंगे जब जिला कलेक्ट्रेट में आने वाले पुलिसकर्मियों के साथ-साथ सरकारी कर्मचारी नियमों की पालना करेंगे, इसके लिए जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट में आने वाले सभी दुपहिया वाहन चालकों को रोक दिया गया और हेलमेट नहीं पहनने को लेकर कई सवाल किए गए वहीं चार पहिया वाहन चालकों को भी सीट बेल्ट लगाने की हिदायत दी गई।
एसपी के निर्देश पर कलेक्ट्रेट में सख्त चेकिंग
इस तरह की पहल के बाद जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृत दुहन ने कहा कि "ट्राफिक नियमों की पालना अगर पुलिस अच्छे से करेगी तो पुलिस को देखकर आमजन ट्राफिक नियमों की पालना करेगी।" उन्होंने यह भी कहा कि ट्राफिक नियमों की पालना करने से कई लोगों की जान बच सकती है और इस पहल से आमजन में यह संदेश जाएगा कि ट्राफिक नियम सभी के लिए जरूरी हैं।
पूरे जिले में सख्ती से होगी नियमों की पालना
ऐसे में इस पहल के साथ पूरे शहर सहित जिले में ट्राफिक नियमों की सख्ती से पालना करवाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक के इस कड़े रुख से स्पष्ट है कि अब कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य होगा, ताकि सरकारी कर्मचारी और पुलिसकर्मी समाज के सामने एक सकारात्मक उदाहरण पेश कर सकें।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
