उदयपुर: राजकीय विद्यालय में बाल विवाह रोकथाम हेतु जागरूकता कार्यशाला आयोजित
वल्लभनगर के महाराज की खेड़ी में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह के तहत छात्राओं को कानूनी अधिकारों और स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक किया गया।

उदयपुर के महाराज की खेड़ी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बाल विवाह रोकथाम कार्यशाला के दौरान छात्राओं और शिक्षकों को शपथ दिलातीं सामाजिक परामर्शदाता रेणुका चुंडावत।
दयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महाराज की खेड़ी में महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र द्वारा बाल विवाह रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान जागृति सप्ताह को लेकर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं व किशोरियों को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों व शिक्षकों ने अपनी बातें विस्तार से रखीं।
स्वास्थ्य जोखिम और मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा
सामाजिक परामर्शदाता रेणुका चुंडावत द्वारा बालिकाओं को जागरूक किया गया। उन्होंने किशोरियों को संबोधित करते हुए कहा कि "किशोरियों को कम उम्र में विवाह एवं गर्भधारण से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में जानकारी होना आवश्यक है।" कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी विशेष चर्चा की गई। घरेलू हिंसा से बचाव, बालक-बालिकाओं के कानूनी अधिकार एवं सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी भी विस्तार से दी गई।
बाल विवाह के विरुद्ध कानूनी प्रावधान और शपथ
कार्यशाला के अंत में सभी को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में यह स्पष्ट किया गया कि बाल विवाह में सम्मिलित सभी व्यक्तियों यथा माता-पिता, रिश्तेदार, पुजारी के साथ आयोजनकर्ता सभी दोषी माने जाते हैं और उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का प्रावधान है। रेणुका चुंडावत ने जानकारी दी कि "बाल विवाह की सूचना बाल कल्याण समिति, पुलिस 112 या चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 नम्बर पर तुरंत देनी चाहिए।"
सामाजिक सोच में बदलाव का आह्वान
शिक्षकों से संवाद करते हुए लैंगिक भेदभाव, पितृसत्तात्मक सोच व समाज में लड़कियों के प्रति भेदभाव के मूल कारणों पर गहन चर्चा की गई। सामाजिक परामर्शदाता ने जोर देकर कहा कि "समाज की सोच में परिवर्तन लाना अत्यंत आवश्यक है। समाज में परिवर्तन से पहले स्वयं के अंदर परिवर्तन लाना आवश्यक है, तभी समाज एवं देश सशक्त बनेगा।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
