उदयपुर: बुजुर्ग महिला से लूट करने वाले इनामी फूफा-भतीजा गिरफ्तार
सुखेर पुलिस ने 500 सीसीटीवी खंगालने के बाद ऋषभदेव के जंगलों से दो आरोपियों को दबोचा, 6 तोला सोने की चेन लूटकर हुए थे फरार।

जंगल में छुपकर बैठे थे इनामी बदमाश
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए ऋषभदेव के जंगलों में जाकर छुप गए थे। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उन्हें शराब के नशे की हालत में जंगलों से ही धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों का पीछा करते हुए करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए सलूंबर, डूंगरपुर और अहमदाबाद के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। भागने के प्रयास में एक आरोपी का पैर भी टूट गया। गिरफ्तार आरोपी तरुण सलूंबर जिले के सेमारी थाने से भगोड़ा घोषित है और उसके खिलाफ पूर्व में लूट-डकैती के 2 मामले दर्ज हैं। वहीं, दूसरा आरोपी प्रभुलाल उर्फ प्रकाश गुजरात में भी लूट की घटना में अहमदाबाद जेल जा चुका है और उस पर लूट-डकैती के 3 मामले दर्ज हैं।
मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना
वारदात की जानकारी देते हुए सुखेर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि आरके सर्कल निवासी हैंडीक्राफ्ट बिजनेसमैन राकेश जैन की 75 वर्षीय मां रूप कुंवर 18 मार्च को सुबह करीब साढ़े 8 बजे भुवाणा स्थित शांतिनाथ जैन मंदिर में दर्शन कर पैदल घर लौट रही थीं। घर से करीब 100 मीटर पहले सेलिब्रेशन मॉल के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर झपट्टा मारा। बदमाश ने धक्का देकर रूप कंवर को सड़क के डिवाइडर पर गिरा दिया और 6 तोला सोने की चेन छीनकर अपने साथी के साथ फरार हो गया। इस दौरान पास के दुकानदार देवीलाल डांगी ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे दौड़ते समय गिर गए।
पुलिस और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई
इस मामले का खुलासा करने के लिए थाने के साथ जिला स्पेशल टीम (DST) ने मिलकर काम किया। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने स्पष्ट किया कि "घटना के बाद दोनों पर 10-10 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया था।" वर्तमान में आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है ताकि अन्य वारदातों का भी पता लगाया जा सके। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुरू हुई इस जांच में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सहायता से आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
