उदयपुर। आगामी नगर निकाय एवं पंचायत चुनावों में कांग्रेस मुक्त राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त करने और प्रदेश की राजनीति में दशकों से चले आ रहे ‘एक बार भाजपा, एक बार कांग्रेस’ के मिथक को ध्वस्त करने का बिगुल फूंक दिया गया है। उदयपुर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र में जनजातीय मंत्री बाबूलाल खराडी ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी विधानसभा चुनावों में राज्य की सत्ता के पारंपरिक चक्र को तोड़ने की पूरी जिम्मेदारी अब समर्पित कार्यकर्ताओं के कंधों पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारी अभी से युद्धस्तर पर शुरू कर दी जाए।

शिविर के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति इसके निष्ठावान, ईमानदार और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनकी अथक मेहनत से आज भाजपा 14 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करती और संगठन की कथनी-करनी में सदैव एकरूपता रही है। जोधा ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि बूथ स्तर पर मजबूती ही चुनावी विजय की कुंजी है।

इसी क्रम में देहात जिला भाजपा द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य उद्घाटन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी के कर कमलों द्वारा किया गया। जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली की अध्यक्षता में आयोजित प्रथम सत्र में सांसद सीपी जोशी ने ‘हमारी कार्यपद्धति’ विषय पर पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया। जोशी ने जोर देकर कहा कि राष्ट्र निर्माण का सपना एक श्रेष्ठ दल और श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही साकार हो सकता है, और ऐसे कार्यकर्ता केवल गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से ही तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने इसे व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण की गौरवशाली यात्रा करार दिया।

प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, श्रवण सिंह बगड़ी, जिला संगठन प्रभारी मोती लाल मीणा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, प्रदेश मंत्री मुकेश कंवर, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गौरा, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत और वर्ग प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान ने भी अपने अनुभव साझा किए। इन सत्रों ने पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को वैचारिक रूप से सुदृढ़ करने के साथ ही संगठनात्मक लक्ष्यों के प्रति संकल्पित किया। शिविर का समापन कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और आगामी चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत के संकल्प के साथ हुआ।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story