उदयपुर: अंबावगढ़ नई पुलिया पर चलती बाइक में लगी आग, खड़ी कार जलकर खाक
अंबामाता थाना क्षेत्र में बाइक सवार के कूदने के बाद अनियंत्रित होकर कार से टकराया वाहन, दमकल ने आग पर पाया काबू।

उदयपुर। शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात को अंबावगढ़ नई पुलिया पर एक जलती हुई बाइक खड़ी कार से टकरा गई, जिससे दोनों ही वाहन जलकर खाक हो गए।
अचानक धुआं निकलने से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात एक युवक ने चेतक स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाया और करीब 10.30 बजे वह बाइक लेकर जा रहा था। अंबावगढ़ नई पुलिया पर उसकी चलती बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा। यह देखकर वह घबरा गया और तुरंत कूद गया पर बाइक को नहीं रोका।
कार से टकराई बाइक और भड़की भीषण आग
बाइक जलते हुए आगे सड़क किनारे खड़ी एक कार से जा टकराई, जिससे कार में भी आग लग गई। देखते ही देखते बाइक और कार से तेज लपटें निकलने लगी और कुछ समय के लिए रोड पर वाहन चालक रुक गए।
दमकल विभाग की कार्रवाई और नुकसान
सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पाया गया। हादसे में बाइक पूरी तरह जल चुकी थी, जबकि कार का पीछे का हिस्सा पूरा जल गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
