बिच्छूघाटी हत्याकांड: उदयपुर पुलिस ने अहमदाबाद से दो इनामी बदमाशों को पकड़ा
हिस्ट्रीशीटर नईम और कुंदन को 30 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया, वारदात में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के प्रयास तेज।

उदयपुर। लेकसिटी के घंटाघर थाना क्षेत्र स्थित बिच्छू घाटी में युवक साहिल की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साहिल पर चाकू और कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतारने की वारदात के बाद से ही फरार चल रहे 10-10 हजार रुपये के दो इनामी हिस्ट्रीशीटरों को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद अहमदाबाद से दबोच लिया है। पकड़े गए मुख्य आरोपियों की पहचान नईम उर्फ नईमुद्दीन पुत्र मोईनुद्दीन शेख (निवासी रेलवे कॉलोनी राणा प्रताप नगर, हाल मल्ला तलाई अम्बामाता) और उसके साथी कुन्दन पुत्र बालकृष्ण कुशवाहा (निवासी आयड़ लौहार कॉलोनी) के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के पश्चात घंटाघर थानाधिकारी कर्मवीर सिंह ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से विद्वान न्यायाधीश ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए उन्हें 30 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर सौंपने के आदेश जारी किए हैं। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मुख्य हथियार चाकू की बरामदगी सुनिश्चित करेगी। उल्लेखनीय है कि प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार किए जा चुके अन्य सह-आरोपियों के कब्जे से पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त कार एवं अन्य घातक हथियार पहले ही बरामद किए जा चुके हैं।
अब पुलिस रिमांड के दौरान नईम और कुन्दन से गहन पूछताछ की जाएगी कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद वे किन-किन स्थानों पर छिपे रहे और फरारी के दौरान उन्हें किन लोगों ने शरण प्रदान की। इस विस्तृत जांच पड़ताल के माध्यम से पुलिस वारदात की कड़ियों को जोड़ते हुए पूरी साजिश का पर्दाफाश करने में जुटी है। इस गिरफ्तारी के साथ ही शहर के बहुचर्चित बिच्छूघाटी हत्याकांड में न्याय की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिससे अपराधियों में खौफ और आमजन में पुलिसिया कार्यवाही के प्रति विश्वास सुदृढ़ हुआ है।

