उदयपुर: भीण्डर में युवक पर तलवार और चाकू से जानलेवा हमला, केस दर्ज
भीण्डर में पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने कार रुकवाकर युवक पर हथियारों से हमला किया, घायल को उदयपुर रेफर किया गया।

उदयपुर। जिले के भीण्डर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियारों से प्राणघातक हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने सरेराह कार रुकवाकर युवक पर तलवार, बेसबॉल के बल्ले और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इस बर्बर हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कानोड़ निवासी दौलतराम पुत्र जोधा खोखावत ने इस संबंध में मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने बताया कि उसके पुत्र दिनेश ने सूचना दी थी कि पोते नितेश पर भीण्डर निवासी युवकों ने जानलेवा हमला किया है और वह भीण्डर अस्पताल में भर्ती है। सूचना पर जब वह अस्पताल पहुंचा, तो उसका पौत्र खून से लथपथ हालत में मिला। पीड़ित नितेश कुमार ने आपबीती बताते हुए कहा कि 19 अप्रैल की शाम वह अपने ससुर मांगीलाल और साले राहुल निवासी भीण्डर के साथ कार द्वारा भीण्डर से कानोड़ जा रहा था।
सफर के दौरान जैसे ही उनकी कार बोरतलाई मोड़ से पहले सुरेन्द्रसिंह के ठिकाने के समीप पहुंची, पीछे से आई एक अन्य कार ने उनका रास्ता रोक लिया। कार रुकते ही उसमें से भीण्डर निवासी लक्की पुत्र अमर छापरवाल, प्रेम पुत्र अमर छापरवाल, अमर पुत्र मांगीलाल छापरवाल और उनके साथ आए दो अन्य अज्ञात व्यक्ति नीचे उतरे। आरोपियों ने नितेश को जबरन कार से बाहर खींचा और जान से मारने की नीयत से उस पर बेसबॉल, चाकू व तलवार से हमला बोल दिया। नितेश को पिटता देख उसके साले राहुल व ससुर मांगीलाल ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं।
इस जानलेवा हमले में नितेश के सिर, दोनों हाथों, पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। हालत चिंताजनक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे तत्काल उदयपुर रेफर कर दिया। भीण्डर थाना पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
