उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले के भीण्डर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ विषैले पदार्थ का सेवन करने से एक 27 वर्षीय युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान दीपशिखा पुत्री राजेन्द्र कुमार चौबीसा, निवासी निमड़ी के रूप में हुई है, जिसके बारे में बताया गया है कि वह मानसिक रूप से कमजोर (मंदबुद्धि) थी।

घटनाक्रम के अनुसार, दीपशिखा उस समय घर पर अकेली थी जब उसके पिता राजेन्द्र कुमार चौबीसा खेत पर कार्य करने गए हुए थे। जब पिता अपना काम पूरा कर खेत से वापस घर की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में दीपशिखा उन्हें सामने से आती हुई मिली। पिता के पास पहुँचते ही युवती को अचानक तेज उल्टियां होने लगीं, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ गई। बेटी की नाजुक हालत को देखते हुए पिता उसे तत्काल स्थानीय एक निजी चिकित्सालय लेकर पहुँचे, जहाँ प्राथमिक स्थिति को गंभीर मानते हुए चिकित्सकों ने उसे उदयपुर के एमबी चिकित्सालय के लिए रैफर कर दिया। उदयपुर के चिकित्सालय में उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही भीण्डर थाना पुलिस का जाब्ता चिकित्सालय पहुँचा और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात पार्थिव देह परिजनों के सुपुर्द कर दी। इस आकस्मिक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और एक हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story