उदयपुर: भीण्डर में सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ एचपीवी टीकाकरण महा-अभियान शुरू
भीण्डर ब्लॉक के तीन केंद्रों पर 146 बालिकाओं का सफल टीकाकरण, सरकारी केंद्रों पर वैक्सीन की सुरक्षा खुराक पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध।

उदयपुर के भीण्डर में आयोजित मेगा कैंप के दौरान उपस्थित प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सा कर्मी और टीकाकरण के लिए आई बालिकाएं।
राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत उदयपुर जिले के भीण्डर ब्लॉक में सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध निर्णायक जंग का आगाज करते हुए एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन का ऐतिहासिक मेगा कैंप आयोजित किया गया। इस महा-अभियान ने टीकाकरण के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए एक ही दिन में ब्लॉक की 146 बालिकाओं को वैक्सीन की सुरक्षा खुराक प्रदान की। भीण्डर ब्लॉक में इस व्यापक स्तर पर आयोजित होने वाला यह पहला सफल मेगा कैंप है, जिसमें 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं ने अभूतपूर्व उत्साह का परिचय दिया। प्रशासनिक और चिकित्सा विभाग के सटीक समन्वय से ब्लॉक के तीन प्रमुख केंद्रों पर टीकाकरण संपन्न हुआ, जिसमें भीण्डर केंद्र पर 93, कानोड़ केंद्र पर 34 और खेरोदा केंद्र पर 19 बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया।
इस अभियान की सफलता के पीछे प्रशासनिक और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की जमीनी स्तर पर की गई कड़ी मेहनत रही। भीण्डर उपखण्ड अधिकारी रमेश बहेड़िया, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन कुमार, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र चौबिसा और विकास अधिकारी वीरेंद्र कुमार व्यास के नेतृत्व में डॉ. चंदन, डॉ. अनिल, डॉ. जसराज, निवेदिता जोशी, पंकज चौबीसा, अतुल आमेटा, अभय दक, जगदीश चंद्र चौबीसा सहित समस्त सीएचओ, एएनएम और आशा सहयोगिनियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। शिक्षा विभाग से दिनेश शर्मा, सुरेश प्रजापत, बालचंद जाट, यास्मीन और अंकिता जैन के प्रभावी प्रचार-प्रसार से अभिभावक जागरूक हुए, जिसका परिणाम बालिकाओं की भारी भागीदारी के रूप में सामने आया। चिकित्सा विभाग के अनुसार, बाजार में हजारों रुपए मूल्य की यह वैक्सीन सरकार द्वारा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
भीण्डर एसडीएम रमेश बहेड़िया ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि जिन बालिकाओं ने इस मेगा कैंप में वैक्सीन का लाभ उठाया है, वे अब अपने स्कूलों में 'रोल मॉडल' बनकर अन्य साथियों को भी जागरूक करेंगी। उन्होंने कहा कि बालिकाओं द्वारा प्रदर्शित इस निडरता से स्पष्ट है कि सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ चिकित्सा विभाग की यह जंग निश्चित रूप से सफल रहेगी। भीण्डर ब्लॉक का यह रिकॉर्ड अब अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगा। कार्यक्रम के सफल समापन पर खंड कार्यक्रम अधिकारी निवेदिता जोशी ने अभियान में सहभागी बने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

Budhi prakash parashar (Udaipur)
नाम: बुद्धि प्रकाश पाराशर
वर्तमान पद: सीनियर पत्रकार (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: कस्बा खेरोदा (तहसील: भींडर, जिला: उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, शिक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य एवं अन्य स्थानीय समाचार
परिचय
बुद्धि प्रकाश पाराशर राजस्थान के उदयपुर जिले के खेरोदा क्षेत्र के एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से कस्बा खेरोदा, भींडर तहसील और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों को कवर करते हैं। उनके कार्यक्षेत्र में स्थानीय राजनीति, कानून-व्यवस्था (क्राइम), शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और जनहित से जुड़े सभी मुख्य विषय शामिल हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
बुद्धि प्रकाश पाराशर जी को मीडिया क्षेत्र में 30 साल का लंबा और व्यापक अनुभव है:
- वह साल 2000 से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं।
- उन्हें 'राजस्थान पत्रिका' के साथ भी काम करने का लंबा अनुभव रहा है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा स्नातक (Graduate) स्तर तक पूरी की है।
