उदयपुर। वल्लभनगर उपखंड क्षेत्र के भटेवर से होकर गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर खेरोदा थाना पुलिस ने एक स्कॉर्पियो कार से 468 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान में पुलिस ने भटेवर हाइवे पर यह बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने हाइवे पर एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 468.270 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया।

फिल्मी अंदाज में पीछा और पुलिस की घेराबंदी

थानाधिकारी सुरेश विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाइवे पर नाकाबंदी की। इसी दौरान मंगलवाड़ की तरफ से आ रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख चालक ने गाड़ी को मोड़कर गलत दिशा में भगाना शुरू कर दिया। थानाधिकारी के निर्देश पर तैनात कॉन्स्टेबल कुलदीप ने स्टॉप स्टिक की मदद से गाड़ी का टायर पंचर कर दिया। टायर फटने के बावजूद तस्कर गाड़ी को भगाते रहे। लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की और गाड़ी को रुकवा लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी में सवार तस्कर पास के जंगल में भागने में सफल रहे।

तलाशी में मिला भारी मादक पदार्थ और फर्जी नंबर प्लेटें

पुलिस ने जब स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो पिछली सीटें हटाकर रखे गए 22 प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए, जिनमें कुल 468.270 किलो डोडाचूरा भरा था। साथ ही गाड़ी से 5 अलग-अलग नंबरों की फर्जी नंबर प्लेटें भी मिलीं हैं, जिनका उपयोग पुलिस को चकमा देने के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर लिया है।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज और आगामी जांच

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया। इस मामले की अग्रिम जांच कानोड थानाधिकारी मुकेश चन्द को सौंपी गई। इस कार्रवाई में शामिल टीम के सदस्य निम्न रहे:

  • थानाधिकारी सुरेश विश्नोई
  • हेड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार
  • कॉन्स्टेबल बाबूलाल, दिनेश, कुलदीप, नितेश कुमार, मनोज कुमार
  • चालक नेमीचन्द
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story