उदयपुर जिले के बागपुरा थाना क्षेत्र में बीती रात लूट की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग टीम पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना रात करीब 11 बजे बारी गांव स्थित रणघाटी इलाके की है, जहां जंगल के कच्चे रास्तों में छिपे आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया गया।

घटना का विवरण और घायलों की स्थिति

हमले में हेड कांस्टेबल गिरधारी लाल के हाथ में तलवार से चोट आई, वहीं कांस्टेबल पप्पू कुमार के घुटने और हथेली पर गंभीर घाव हुए। ड्राइवर कांस्टेबल दिनेश कुमार के आंख के नीचे, कोहनी और घुटने में चोटें आई हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों—नारायण पुत्र बाबू डामोर और मोहन पुत्र होमा डामोर, निवासी पालावाड़ा—को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपी सुनील निवासी सैलदरी मौके से फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और एक चाकू बरामद किया गया है।

लूट का प्रयास और पुलिस की जवाबी कार्रवाई

घटना की जानकारी के अनुसार, कैलाश मीणा अपनी बहन के साथ रणघाटी से पालियाखेड़ा की ओर जा रहा था। रास्ते में तीन बदमाशों ने बाइक आड़ी लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की और लूट के इरादे से हमला किया। कैलाश किसी तरह वहां से बचकर भागा और पास के एक मकान में छिपकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और पीछा कर आरोपियों को दबोच लिया, लेकिन इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर हमला कर दिया। हेड कांस्टेबल गिरधारी लाल की रिपोर्ट पर बागपुरा थाने में आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story