उदयपुर। उदयपुर के बाघपुरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ पैदल जा रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

दुर्घटना का विवरण और रिपोर्ट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धर्मचन्द पुत्र दिता दामा निवासी कातर फलां बाघपुरा ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि "उसका पुत्र मुकेश दामा अपने घर से पैदल-पैदल बाघपुरा की तरफ जा रहा था उसी समय पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसे गंभीर चोटे आयी।" अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल मुकेश को आनन-फानन में अस्पताल पहुँचाया गया था।

उपचार के दौरान मृत्यु और पुलिस कार्रवाई

गंभीर घायल युवक को 3 मार्च को इलाज के लिए उदयपुर के एमबी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया था। यहाँ आईसीयू में इलाज के दौरान मुकेश दामा ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद बाघपुरा थाना पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story