उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत बाघपुरा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जान से मारने की नियत से हमला करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी करण उर्फ रोनक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त घातक हथियार बरामद कर लिया है। यह पूरी कार्यवाही श्रीमती अंजना सुखवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेरवाड़ा) एवं श्री विवेक सिंह, वृताधिकारी (वृत झाड़ोल) के प्रभावी सुपरविजन तथा बाघपुरा थानाधिकारी श्री वेलाराम के कुशल नेतृत्व वाली टीम द्वारा अंजाम दी गई।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिनांक 30.03.2026 को प्रकरण संख्या 46/2026 में तत्परता दिखाते हुए मासिंगपुरा निवासी आरोपी करण उर्फ रोनक पुत्र नानालाल को दबोचा गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त किया गया एक धारदार फरसा भी बरामद कर लिया है। उल्लेखनीय है कि इस संवेदनशील मामले में पुलिस पूर्व में ही 04 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनसे वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार और चाकू बरामद कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के पश्चात न्यायिक अभिरक्षा (जे.सी.) में भेजा जा चुका है।

इस सनसनीखेज घटनाक्रम की शुरुआत 15 मार्च 2026 को हुई, जब प्रार्थी मुकेश पिता रामाजी निवासी गुजेला रिछावर ने थाना बाघपुरा में लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के मुताबिक, 13 मार्च 2026 को सैलाणा गाँव में बदमाशों ने प्रार्थी के गाँव के दो युवकों की नृशंस हत्या कर दी थी। इसी दोहरे हत्याकांड को लेकर 15 मार्च को ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों के बीच वार्ता चल रही थी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जब प्रार्थी मुकेश और गाँव के मुखिया श्री शांतिलाल ने वहां मौजूद लोगों को 'मोताणा' (हर्जाना) की मांग न करने हेतु समझाइश की, तो वहां मौजूद 25-30 लोग उग्र हो गए।

एक राय होकर हमलावरों ने जान से मारने की नियत से मुकेश और मुखिया शांतिलाल पर तलवारों व लाठियों से प्राणघातक हमला बोल दिया। प्रार्थी और मुखिया ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस हिंसक घटना पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 109(1), 125, 351(3) एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था। फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story