उदयपुर: बाघपुरा में जमीन पर टेंट लगाने को लेकर मारपीट, दोनों पक्षों पर केस दर्ज
बाघपुरा में मेले के दौरान दुकान लगाने हेतु जमीन विवाद में दो गुटों के बीच लठ्ठ चले, पुलिस ने प्रकाशचन्द्र और ललित शर्मा की रिपोर्ट पर जांच शुरू की।

उदयपुर जिले के बाघपुरा थाना क्षेत्र में एक जमीन पर बिना पूछे व्यवसाय के लिए जमीन पर टेंट लगाने से मना करने पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस के अनुसार इस विवाद के बाद दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रोस केस दर्ज करवाया है।
प्रकाशचन्द्र पक्ष का आरोप: रास्ते में रोककर लठ्ठ से किया हमला
बाघपुरा झाडोल निवासी प्रकाशचन्द्र पुत्र मगनी राम नागदा ने मामला दर्ज करवाया कि लेम्पस बाघपुरा के पास उसकी जमीन है। इस जमीन पर ललित कुमार पुत्र पन्नालाल शर्मा, उसकी पत्नी प्रेमबाई व उसका पुत्र लक्की शर्मा मिलकर टेंट लगा रहे थे। जब उसने जाकर उन्हें ऐसा करने से मना किया तो तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज की, जिसके बाद वह वहां से चला गया। रिपोर्ट के अनुसार, "वह और उसका भतीजा मनीष नागदा दोनों ही बाइक पर थाने में रिपोर्ट देने जा रहे थे, तभी अचानक लेम्पस के पास इन तीनों ने रास्ता रोक कर उसके व मनीष के साथ लठ्ठ से मारपीट कर दी।"
ललित कुमार पक्ष का दावा: केबिन के बाहर ज्यूस की दुकान लगाने पर हुआ विवाद
वहीं, दूसरे पक्ष के ललित पुत्र पन्नालाल शर्मा निवासी बाघपुरा ने रिपोर्ट दी कि उसका बाघपुरा में श्रृंगार सामान का केबिन लगा हुआ है। बुधवार को मेला होने के कारण उसने अपने केबिन के बाहर जमीन पर सुबह नौ बजे ज्यूस की दुकान लगाने के लिए तैयारी शुरू की थी। ललित का कहना है कि "वह, उसका पुत्र लक्की और पत्नी प्रेमदेबी तीनों सामान जमा रहे थे कि इतने में मनीष पुत्र उंकारलाल नागदा एवं प्रकाश पुत्र मगनीराम नागदा निवासी बाघपुरा आए और आते ही गालियां देते हुए मारपीट चालू कर दी।"
बीच-बचाव और पुलिसिया कार्यवाही
ललित की रिपोर्ट में आगे बताया गया कि जब उसकी पुत्री उसे बचाने आई तो मनीष ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद जब पत्नी प्रेमदेवी बीच-बचाव कराने लगी तो उसके साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर गांव के काफी लोग दौड़ कर आए और बीच-बचाव कराया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने अब दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
