उदयपुर। झीलों की नगरी के अंबामाता थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग को झांसे में लेकर एटीएम कार्ड बदलने और उनके खाते से 1.80 लाख रुपये पार करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गुजरात के सूरत निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

घटनाक्रम के अनुसार, अंबामाता स्कीम स्थित केशव कुंज टीचर्स कॉलोनी निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र स्वर्गीय भैरुलाल सामर, जो खान एवं भू विज्ञान विभाग से सेवानिवृत्त हैं, ने थाने में मामला दर्ज करवाया था। परिवादी के अनुसार, उनकी पत्नी शोभा सामर का खाता यूको बैंक में है। गत 1 अप्रैल को सुबह करीब 9 बजे रुपयों की आवश्यकता होने पर राजेंद्र सिंह मल्लातलाई चौराहे के समीप स्थित यूको बैंक के एटीएम पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने दो बार में 20 हजार रुपये निकाले, लेकिन जब और राशि निकालनी चाही तो तकनीकी व्यवधान के कारण पैसे नहीं निकले। इसी दौरान वहां खड़े एक अज्ञात युवक ने चतुराई दिखाते हुए मदद के बहाने राजेंद्र सिंह का एटीएम कार्ड बदल दिया, जिसका उन्हें आभास तक नहीं हुआ।

ठगी का खुलासा अगले दिन 2 अप्रैल को हुआ, जब राजेंद्र सिंह के मोबाइल पर एसएमएस प्राप्त हुए। संदेशों से ज्ञात हुआ कि अज्ञात बदमाशों ने अलग-अलग एटीएम का प्रयोग कर उनके खाते से कुल 1 लाख 80 हजार रुपये निकाल लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबामाता थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण की सहायता से संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित की।

पुलिस टीम ने जाल बिछाकर इस धोखाधड़ी के आरोप में मंथन पुत्र सुरेश भाई खिमजी भाई कुकडिया (निवासी एप्पल हेवन मातृश्री फर्म के सामने, मोटा वराछा उतराण, सूरत सिटी, गुजरात), प्रियांशु पुत्र विपुल भाई जेठालाल मेहता (निवासी सुभान एवेन्यू अब्रामा रोड, मोटा वराछा उतराण, सूरत, गुजरात) और उदय पुत्र जयंती भाई ठाकरशाभाई धडुक (निवासी एलीगंजा होम्स सोसाइटी, खोलाद रोड, लस्काना रोड, सूरत शहर, गुजरात) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे इस प्रकार की अन्य वारदातों के खुलासे होने की संभावना है। यह कार्रवाई साइबर ठगों के बढ़ते नेटवर्क पर पुलिस का कड़ा प्रहार माना जा रहा है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story