उदयपुर: आशा ज्वेलर्स से 2 किलो चांदी चोरी करने वाला नौकर गिरफ्तार
घंटाघर थाना पुलिस ने मोती चौहट्टा स्थित दुकान में चोरी के आरोपी भंवरलाल को तकनीकी सहयोग से पकड़ा, दो किलोग्राम जेवर चोरी का मामला।

उदयपुर (नगर संवाददाता)। शहर की घंटाघर थाना पुलिस ने ज्वैलर्स शॉप से आभूषण चोरी करने वाले नौकर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर गठित की गई पुलिस टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।
दुकानदार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
घंटाघर थानाधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रार्थी फतहलाल सोनी ने थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी कि "मोती चौहट्टा में आशा ज्वेलर्स नाम से मेरी दुकान है और दुकान पर काम करने वाला नौकर भंवरलाल मेरी अनुपस्थिति में दुकान से करीब दो किलोग्राम चांदी के जेवर चोरी कर लिये हैं।" इस रिपोर्ट पर पुलिस ने तुरंत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
पुलिस टीम का गठन और आरोपी की गिरफ्तारी
डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर घंटाघर थाना पुलिस की एक टीम का गठन किया गया जिसने आसूचना व तकनीकी सहयोग से प्रकरण में फरार आरोपी भंवरलाल को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा की गई सघन पूछताछ में आरोपी भंवरलाल ने आशा ज्वेलर्स से चांदी के आभूषण चोरी करना स्वीकार कर लिया है। वर्तमान में पुलिस द्वारा आरोपी से अग्रिम अनुसंधान जारी है ताकि मामले की अन्य कड़ियों का खुलासा किया जा सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
