अक्षय कुमार के सहयोग से उदयपुर में बनेगा श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास, हुआ भूमिपूजनअक्षय कुमार के सहयोग से उदयपुर में बनेगा श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास, हुआ भूमिपूजन
उदयपुर में अक्षय कुमार के एक करोड़ रुपये के सहयोग से बनने वाले श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास का भूमिपूजन सम्पन्न हुआ।

उदयपुर के हिरण मगरी सेक्टर-11 में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान पूजा विधि संपन्न करते राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद् के पदाधिकारी और अन्य लोग।
उदयपुर में जनजातीय बालिकाओं के सुरक्षित आवास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के उद्देश्य से प्रस्तावित "श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास" के नवीन भवन निर्माण का भूमिपूजन गुरुवार को हिरण मगरी सेक्टर-11 स्थित परिसर में विधिवत सम्पन्न हुआ। राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद्, उदयपुर की ओर से आयोजित इस समारोह में परिषद् के पदाधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
भूमिपूजन समारोह प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. थावरचंद डामोर, प्रांतीय महामंत्री वीरेन्द्र प्रकाश पंचोली, प्रांतीय संगठन मंत्री जगदीश कुलमी, प्रांतीय निर्माण कार्य प्रभारी जगदीश प्रसाद जोशी, संरक्षक गोपाललाल कुमावत तथा कोषाध्यक्ष रमेशचंद्र मुंद्डा के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। दोपहर 12:26 बजे आयोजित कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता, दानदाता, परिषद् के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. थावरचंद डामोर ने कहा कि राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद् जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य के तहत जनजातीय बालिकाओं को सुरक्षित और प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इस छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है।
डॉ. डामोर ने बताया कि इस छात्रावास के निर्माण के लिए प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने एक करोड़ रुपये का सहयोग प्रदान किया है। उनकी माताजी श्रीमती अरुणा भाटिया की स्मृति में इस छात्रावास का नाम "श्रीमती अरुणा भाटिया जनजाति कन्या छात्रावास" रखा गया है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी अक्षय कुमार ने अपने पिता स्वर्गीय हरिओम भाटिया के नाम से खेरवाड़ा में एक छात्रावास के निर्माण में महत्वपूर्ण सहयोग दिया था।
प्रांतीय संगठन मंत्री जगदीश कुलमी ने कहा कि छात्रावास का उद्देश्य जनजातीय बालिकाओं को सुरक्षित आवास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कारयुक्त वातावरण तथा व्यक्तित्व विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास भविष्य में जनजातीय छात्राओं के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और नेतृत्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
समारोह के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों ने छात्रावास निर्माण को जनजातीय समाज के शैक्षणिक सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल बताया। परिषद् का यह प्रयास जनजातीय बालिकाओं के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Vikas Chawada (Udaipur)
नाम: विकास चावड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता (दैनिक प्रातःकाल, फतहनगर क्षेत्र)
कार्यक्षेत्र: फतहनगर, तहसील: मावली, जिला: उदयपुर (राजस्थान)
अनुभव: साल 2020 से लगातार सक्रिय
बीट और मुख्य विषय
- स्थानीय समाचार: तहसील मावली के विभिन्न गांवों सहित फतहनगर-सनवाड़ पालिका क्षेत्र के स्थानीय समाचारों की नियमित कवरेज।
- राजनैतिक एवं क्राइम: क्षेत्र की राजनीतिक हलचल, कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग।
- जन समस्याएं व समसामयिक विषय: स्थानीय नागरिकों की समस्याएं, बुनियादी सुविधाएं और समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन व रिपोर्टिंग।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
हायर सेकेंडरी
