उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर स्थित गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अहमदाबाद जा रही यात्रियों से भरी एक निजी स्लीपर कोच बस भीषण आग का गोला बन गई। बस में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक भड़की आग ने चंद ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आग की लपटों को देख बस में सवार यात्री जान बचाने के लिए बदहवास होकर भागने लगे। गनीमत यह रही कि समय रहते यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़की और मुख्य द्वार से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ी जनहानि होने से टल गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़े मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और धुआं आसमान में काफी ऊंचाई तक दिखाई देने लगा। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिसने पूरी बस को खाक कर दिया। गोवर्धन विलास थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। यह हादसा सुरक्षित यात्रा को लेकर निजी बसों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story