उदयपुर। बलीचा हाईवे पर बुधवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब यात्रियों से भरी एक निजी स्लीपर बस अचानक आग का गोला बन गई। जानकारी के अनुसार, एक ट्रेवल्स की बस राजसमंद के आमेट से रवाना होकर नाथद्वारा और उदयपुर होते हुए अहमदाबाद की ओर जा रही थी। इस बस में कुल 38 यात्री सवार थे, जिनमें करीब 10 महिलाएं भी शामिल थीं। सफर के दौरान बलीचा हाईवे पर बस में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

आग की लपटें देख चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल बस को सड़क किनारे लगाया और यात्रियों को अविलंब बाहर निकलने को कहा। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि कई यात्रियों को अपनी जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों से कूदना पड़ा, वहीं कुछ को अन्य लोगों के सहयोग से सुरक्षित बाहर निकाला गया। देखते ही देखते पूरी बस भीषण आग की चपेट में आ गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक बस और उसमें रखा यात्रियों का कीमती सामान जलकर राख हो चुका था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह चारण और डिप्टी गोपाल लाल चंदेल जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए यातायात व्यवस्था बहाल कराई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। सभी यात्रियों के सुरक्षित होने पर पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली और बाद में यात्रियों को अन्य बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story