उदयपुर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घणोली चौराहे के समीप एक खाली पेट्रोल टैंकर में अचानक आग भड़क उठी। शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई यह आग कुछ ही पलों में टैंकर के केबिन तक फैल गई, जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इंडियन ऑयल का यह खाली पेट्रोल टैंकर उदयपुर से भटेवर की ओर जा रहा था। घणोली चौराहे के पास पहुंचते ही टैंकर के केबिन में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते धुआं व लपटें उठने लगीं। खतरे को भांपते हुए चालक किशन सिंह और खलासी ने सूझबूझ दिखाते हुए टैंकर को तुरंत सड़क किनारे खड़ा किया और केबिन से नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। टैंकर खाली होने के बावजूद आग के विकराल रूप लेने से मौके पर दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही डबोक थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। रूट मैनेजर नरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में पेट्रोलिंग टीम के किशन सिंह, इंदरमल और रितिक ने एम्बुलेंस स्टाफ रतन लाल गुर्जर और नर्सिंग स्टाफ अरुण कुमार के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए यातायात को सर्विस लेन की ओर डायवर्ट किया, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका।

इसके बाद उदयपुर नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम को सूचित किया गया। चालक प्रदीप सांचोरा के साथ फायरमैन गोर्धन सिंह झाला, किरण, बाबू पालीवाल और राहुल मीणा मौके पर पहुंचे और लगातार पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन की सहायता से टैंकर को सुरक्षित स्थान पर हटवाया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने के बाद डबोक थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर यातायात को पुनः सुचारू करवाया।

यह घटना एक बार फिर हाईवे पर चलने वाले भारी वाहनों की तकनीकी सुरक्षा और सतर्कता के महत्व को रेखांकित करती है, वहीं चालक और खलासी की तत्परता ने एक बड़े संभावित हादसे को टाल दिया।

Hemant Ameta, Udaipur

Hemant Ameta, Udaipur

हेमंत अमेटा उदयपुर से प्रात:काल के लिए समाचार कवर करने वाले अनुभवी रिपोर्टर हैं। वे स्थानीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खबरों को सटीक और निष्पक्ष दृष्टिकोण से पाठकों तक पहुँचाने के लिए समर्पित हैं। हेमंत अपने तेज़ रिफ्लेक्स और खबरों की गहन जांच के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को हर अपडेट समय पर और भरोसेमंद जानकारी के साथ मिलती है।

Next Story