वल्लभनगर विधानसभा के लोकप्रिय जननेता और पूर्व संसदीय सचिव स्वर्गीय गजेंद्र सिंह शक्तावत की पांचवीं पुण्यतिथि पर आज समूचा क्षेत्र उनकी स्मृतियों में भावुक नजर आया। उदयपुर जिले के भींडर, वल्लभनगर, कानोड़ और खेरोदा में आयोजित विभिन्न सेवा कार्यों ने न केवल एक कद्दावर नेता को श्रद्धांजलि दी, बल्कि समाज सेवा के नए आयाम भी स्थापित किए। इस अवसर पर भींडर के रामपोल बस स्टैंड स्थित स्वर्गीय गुलाब सिंह शक्तावत मूर्ति स्थल पर आयोजित विशाल रक्तदान शिविर मुख्य आकर्षण रहा, जहां कार्यकर्ताओं के उत्साह का आलम यह था कि शाम तक कुल 152 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर की शुरुआत सुबह 10 बजे हुई, जो निरंतर अपराह्न 3 बजे तक चलती रही, जिसमें युवाओं और समर्थकों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

इस भावुक अवसर पर पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत ने अस्पताल के वार्डों में कंबल वितरण करते हुए कहा कि यह कार्यकर्ताओं का अपने नेता के प्रति अटूट प्रेम और विश्वास ही है, जो आज रक्तदान और सेवा कार्यों के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि गजेंद्र सिंह शक्तावत ने सदैव जनसेवा को सर्वोपरि रखा और आज उनके समर्थक उसी राह पर चलकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। सेवा का यह सिलसिला केवल रक्तदान तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि स्व. गुलाब सिंह शक्तावत राजकीय जिला चिकित्सालय भींडर, सेटेलाइट हॉस्पिटल वल्लभनगर, खेरोदा चिकित्सालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कानोड़ के गायनिक वार्डों में भर्ती मरीजों को कम्बलों का वितरण कर राहत पहुंचाई गई।

कार्यक्रम के दौरान वल्लभनगर और उदयपुर क्षेत्र के कई दिग्गज राजनेता और समाजसेवी एक जाजम पर नजर आए। इस गरिमामयी उपस्थिति में देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, शहर जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़, पर्यवेक्षक आशीष हलानिया और पूर्व प्रधान करण सिंह कोठारी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नगर कांग्रेस अध्यक्ष भींडर सुंदर लाल लिखमावत, ब्लॉक महामंत्री बंशी लाल चौबीसा, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष माधव लाल अहीर और विधानसभा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल लाल जाट सहित कई नेताओं ने शक्तावत के योगदान को याद किया।

इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में ब्लॉक अध्यक्ष भींडर खेमराज मीणा, वल्लभनगर ब्लॉक अध्यक्ष चंद्र प्रकाश मेनारिया, गज गुलाब सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष विध्यंराज सिंह शक्तावत और पूर्व नगर अध्यक्ष पूरण व्यास ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही मण्डल अध्यक्ष सम्पत लाल सुथार, भंवर सिंह शक्तावत, मावा राम पटेल, वालू गायरी, यूथ अध्यक्ष नरेंद्र वैष्णव, पार्षद सलीम मोहम्मद, अब्दुल कादिर, ईश्वर खटिक, लता चौबीसा, गोपाल चौबीसा, मुबीना बोहरा, लाली देवी, सुभाष रांका, राजकुमार गुर्जर, डालचंद नागदा और लक्ष्मण डांगी जैसे जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रभर से आए हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने इस दिन को एक यादगार जन-अभियान में बदल दिया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story