टीएसपी क्षेत्र में समान अवसर की मांग, यूजीसी कानून वापस लेने को स्वर्ण समाज का 10 सूत्री ज्ञापन
टीएसपी क्षेत्र में समान अवसर, यूजीसी कानून वापस लेने और ईडब्ल्यूएस आरक्षण की मांग को लेकर स्वर्ण समाज ने 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा।

तस्वीर में नयागांव उपखंड कार्यालय में स्वर्ण समाज के प्रतिनिधि राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता को ज्ञापन सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
टीएसपी क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार और विकास के क्षेत्र में समान अवसर की मांग को लेकर खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के स्वर्ण समाज ने भारत की राष्ट्रपति के नाम 10 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन नयागांव उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता के माध्यम से दिया गया।
ज्ञापन में टीएसपी क्षेत्र में निवासरत स्वर्ण समाज सहित सभी वर्गों को शिक्षा, रोजगार एवं विकास के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई। समाज ने टीएसपी क्षेत्र में लागू यूजीसी कानून की समीक्षा कर उसे वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि इससे यहां के स्वर्ण समाज के विद्यार्थियों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
समाज ने आरक्षण व्यवस्था आर्थिक एवं सामाजिक पिछड़ेपन के आधार पर लागू करने की मांग की, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके। साथ ही टीएसपी क्षेत्र के स्वर्ण समाज की शैक्षणिक, आर्थिक एवं सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए विशेष स्वर्ण आयोग गठित करने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में सभी वर्गों के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं छात्रावास की सुविधा उपलब्ध कराने तथा उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के लिए विशेष शैक्षणिक व प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
समाज ने पंचायती राज संस्थाओं में टीएसपी क्षेत्र के स्वर्ण समाज को ईडब्ल्यूएस के 10 प्रतिशत आरक्षण के आधार पर प्रतिनिधित्व एवं प्रमुख सीटों पर आरक्षण देने की मांग की। इसके अलावा टीएसपी क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं के अध्ययन के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित कर सभी वर्गों से संवाद करने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन में क्षेत्र में किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव नहीं करने तथा संवैधानिक सिद्धांतों के अनुरूप नीतियां लागू करने की मांग की गई। समाज ने राष्ट्रपति से मांगों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित मंत्रालय एवं राज्य सरकार को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आग्रह किया।
ज्ञापन देने वालों में पदम सिंह सिसौदिया, जीवन सिंह, कर्णवीर सिसौदिया, रूप सिंह नगर, दिगपाल सिंह थाना, बलवंत सिंह, अर्जुन सिंह, सुरेश सिंह, इंद्र सिंह, बनवारी सिंह, अजित सिंह, परम सिंह, महेश कुमार, देवीलाल, मनोहर सहित बड़ी संख्या में सामान्य वर्ग के लोग मौजूद रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
