उदयपुर में समाजिक विकास और बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने की तैयारी के तहत अखिल भारतीय श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज द्वारा 20 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एक्सीलेंस सेंटर एवं छात्रावास के भूमि पूजन, शिलान्यास एवं समाज सम्मेलन के लिए राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी को औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है।

यह निमंत्रण समाज के प्रतिनिधि मंडल द्वारा जयपुर में भेंट के दौरान दिया गया। प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक भूपेंद्र पंड्या तथा संस्थान के राजनीतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रमुख एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. चतुर्वेदी को आगामी 22 जून को आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम में सम्मिलित होने का अनुरोध किया।

राष्ट्रीय संयोजक भूपेंद्र पंड्या ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-14, उदयपुर में बनने जा रहे इस महत्वाकांक्षी भवन के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मेवाड़, वागड़, मालवा, गुजरात सहित देशभर से लगभग 10 हजार समाजजन भाग लेंगे। यह दो दिवसीय आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान नव कुंडीय हवन, सुंदरकांड पाठ, कलश पूजन, भूमि पूजन एवं शिलान्यास के साथ-साथ समाज गौरव भामाशाह सम्मान समारोह और विशाल समाज सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।

समाज की ओर से विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों की इकाइयों द्वारा घर-घर जाकर पीले चावल एवं आमंत्रण पत्रिका के माध्यम से निमंत्रण वितरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक समाजजन इस आयोजन से जुड़ सकें।

इस अवसर पर समाजसेवी एवं बाल आयोग के सदस्य डॉ. शैलेंद्र पंड्या, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोमती शंकर पंड्या, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल पंड्या, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रविंद्र उपाध्याय, कर्मचारी प्रकोष्ठ प्रमुख दीनबंधु भट्ट तथा उदयपुर युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. राहुल व्यास सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह आयोजन समाज के शैक्षिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो आने वाले समय में व्यापक स्तर पर प्रभाव छोड़ने की संभावना रखता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story