सामाजिक एकजुटता, संगठनात्मक समर्पण और विकास के संकल्प के साथ श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज खड़क क्षेत्र जवास का 39वां द्विवार्षिक अधिवेशन रविवार को त्रिमेस जवास भवन, खेरवाड़ा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान सर्वसम्मति से हुए चुनावों में हरीश पानेरी को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित किया गया, जबकि निवेदिता व्यास लगातार दूसरी बार महिला अध्यक्ष चुनी गईं। युवा नेतृत्व की जिम्मेदारी डॉ. पंकज व्यास को सौंपी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री एकलिंगजी एवं मां कात्यायनी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अधिवेशन में अखिल हिंद परिवार के पूर्व महामंत्री शांतिलाल व्यास मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष सुरेशचंद्र व्यास ने की। समारोह में पूर्व अध्यक्ष रणछोड़लाल व्यास, नगर अध्यक्ष उदयपुर चंद्रशेखर व्यास, डूंगरपुर नगर अध्यक्ष कृष्णकांत उपाध्याय, खेरवाड़ा नगर अध्यक्ष धनेश्वर जोशी सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अधिवेशन के दौरान वर्तमान महामंत्री जयनारायण व्यास ने बीते दो वर्षों के कार्यकाल का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें समाज द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा, केंद्रीय कार्यकारिणी का वर्ष 2024 से 2026 तक का आय-व्यय विवरण तथा आगामी योजनाओं एवं प्रस्तावों पर समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। समाज के सदस्यों ने प्रतिवेदन का अनुमोदन करते हुए कार्यकारिणी के कार्यों की सराहना की।

दोपहर सत्र में आयोजित खुले अधिवेशन में विभिन्न गांवों से आए प्रतिनिधियों एवं समाजजनों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं, सुझावों और विकास संबंधी प्रस्तावों को समाज के समक्ष रखा। इस दौरान समाज के सर्वांगीण विकास के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

अधिवेशन में मुंबई, अहमदाबाद, बड़ौदा, हिम्मतनगर, महूदरा, कटेवड़ी, सुंदरा, छाणी, नयागांव, थाणा, रेहटा, महिडा, दैयावाड़ा, बरोठी, बावलवाड़ा, विजयनगर, मगवास, कारछा, जवास, झुथरी, बिलेटी, ऋषभदेव, उदयपुर और डूंगरपुर सहित विभिन्न स्थानों से समाजबंधुओं ने भागीदारी निभाई।

इस अवसर पर त्रिमेस परिचय पुस्तिका के संपादक शंभूलाल मेहता एवं उनकी टीम ने अतिथियों के साथ पुस्तिका के आवरण पृष्ठ का विमोचन किया। वहीं चंद्रशेखर व्यास एवं उनकी टीम द्वारा उदयपुर त्रिमेस भवन के मानचित्र का लोकार्पण किया गया। परिचय पुस्तिका के प्रकाशन में सहयोग देने वाले दानदाताओं का पगड़ी एवं उपरणा पहनाकर सम्मान भी किया गया।

अपने संबोधन में वक्ताओं ने समाज भवन के इतिहास का उल्लेख करते हुए पूर्वजों के योगदान को याद किया और सामाजिक संगठन की मजबूती को विकास का आधार बताया। उदयपुर नगर अध्यक्ष चंद्रशेखर व्यास ने उदयपुर समाज भवन निर्माण की प्रगति एवं भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए समाज के प्रत्येक परिवार से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की संस्थाएं सामूहिक सहभागिता से ही मजबूत बनती हैं और प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी है कि वह समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाए।

पूर्व त्रिमेस अध्यक्ष एवं त्रिमेस ब्राह्मण अखिल भारतीय परिवार के सदस्य यशवंत व्यास ने 22 जून को आयोजित होने वाले श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज अखिल हिंद परिवार के भूमि पूजन एवं अधिवेशन कार्यक्रम में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष हरीश पानेरी ने समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए समाज हित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने खेरवाड़ा समाज भवन के रखरखाव तथा उदयपुर समाज भवन निर्माण के लिए समाजबंधुओं से सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री जयनारायण व्यास ने किया।

अधिवेशन और निर्विरोध चुनाव प्रक्रिया ने एक बार फिर समाज की एकजुटता, संगठनात्मक परिपक्वता और विकासोन्मुख सोच को मजबूत आधार प्रदान किया है, जिससे भविष्य में सामाजिक एवं संस्थागत गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story