त्रिमेस खेरवाड़ा नगर इकाई की कमान धनेश्वर जोशी को, निर्विरोध बने अध्यक्ष
खेरवाड़ा के त्रिमेस समाज भवन में हुई बैठक में धनेश्वर जोशी को सर्वसम्मति से जवास नगर इकाई का अध्यक्ष चुना गया और वार्षिक अधिवेशन के प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज (त्रिमेस) खड़क क्षेत्र की जवास नगर इकाई, खेरवाड़ा की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार रात्रि को त्रिमेस समाज भवन में आयोजित हुई। बैठक में आगामी वार्षिक अधिवेशन को लेकर खेरवाड़ा नगर की ओर से प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया तथा केंद्रीय कार्यकारिणी के लिए प्रतिनिधियों के चयन सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
त्रिमेस प्रवक्ता जयेश व्यास ने बताया कि विचार-विमर्श के पश्चात नगर इकाई अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान धनेश्वर जोशी को सर्वसम्मति से निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। उनके अध्यक्ष चुने जाने पर उपस्थित समाजजनों ने उपरणा पहनाकर सम्मान किया और शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
बैठक को संबोधित करते हुए त्रिमेस अध्यक्ष सुरेशचंद्र व्यास ने समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने समाजहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर शांतिलाल व्यास, ओमप्रसाद व्यास, जयनारायण व्यास, रणछोड़लाल व्यास, दिनेश व्यास, हरीश पानेरी, नरेन्द्र व्यास, राजेन्द्र पानेरी, शैलेष उपाध्याय, नवीन मेहता, दिलीप व्यास, भरत व्यास, बालकृष्ण त्रिवेदी, हरीश व्यास, सतीश व्यास, राजेश उपाध्याय और चिराग पानेरी सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष धनेश्वर जोशी ने समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा सामाजिक हितों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक का समापन समाज की एकजुटता और संगठनात्मक सुदृढ़ता के संदेश के साथ हुआ, जिसने आगामी सामाजिक गतिविधियों के लिए नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
