उदयपुर। राष्ट्र के लौहपुरुष और भारत के एकीकरण के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को पूरे उदयपुर जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता का संदेश गूंज उठा।

सुबह जिला प्रशासन की ओर से आयोजित मुख्य समारोह में पटेल सर्किल स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह, एडीएम शहर जितेंद्र ओझा, समाजसेवी गजपाल सिंह, जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों ने सरदार पटेल की स्मृति में राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ ली। वक्ताओं ने उनके अद्वितीय नेतृत्व, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका को स्मरण किया।

इसके पश्चात जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भी राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन किया गया, जहां जिला परिषद की सीईओ रिया डाबी, एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने एकता के संकल्प को दोहराया। इस अवसर पर सरदार पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और भारत के भू-राजनीतिक एकीकरण में उनके योगदान को भावपूर्वक याद किया गया।

दिनभर जिलेभर में रैलियों, शपथ समारोहों और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थानों द्वारा निकाली गई एकता रैलियों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। नागरिकों ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प के साथ सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय एकता दिवस के इन आयोजनों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि विविधताओं से भरे इस देश की ताकत उसकी एकजुटता में ही निहित है। सरदार पटेल के आदर्श आज भी राष्ट्र को एकसूत्र में बांधने की प्रेरणा देते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story