भीलवाड़ा (प्रात:काल संवाददाता)। करेड़ा-भीलवाड़ा हाईवे पर बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब दौड़ते ट्रेलर में अचानक आग भड़क उठी। रात करीब साढ़े तीन बजे हुई इस घटना में ट्रेलर पूरी तरह जलकर राख हो गया, लेकिन चालक और खलासी की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। दोनों ने समय रहते ट्रेलर को साइड में रोककर अपनी जान बचा ली।

करेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, मनोहरपुरा गांव निवासी चालक डूंगर सिंह रावणा राजपूत अपने खलासी बाबूलाल भील के साथ ट्रेलर लेकर जिंदल शॉ लिमिटेड में माल लादने जा रहा था। जब वाहन गराड़िया चौराहे के पास पहुंचा, तभी ट्रेलर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक डूंगर सिंह ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और खलासी के साथ नीचे उतर गया। कुछ ही क्षणों में आग ने ट्रेलर को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही करेड़ा थाने से दीवान उमराव प्रसाद पुलिस जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे बाद दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा, जिसके बाद दो से ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो गया, लेकिन सौभाग्य से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के सन्नाटे में अचानक आग की तेज लपटें उठने से आसपास अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। चालक और खलासी की त्वरित समझदारी से एक भीषण हादसा टल गया, वरना यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story