50वें जन्मदिन पर तिलकेश जोशी ने लिया देहदान का संकल्प, मेडिकल कॉलेज को सौंपेंगे देह
खेरवाड़ा में विकास संस्थान के निदेशक तिलकेश जोशी ने 50वें जन्मदिन पर मृत्युपरांत देहदान का संकल्प लिया। परिवार की सहमति के बाद पंजीकरण कराया गया और संकल्प पत्र सार्वजनिक किया गया।

तस्वीर में विकास संस्थान के निदेशक तिलकेश जोशी और अन्य गणमान्य व्यक्ति खेरवाड़ा में देहदान संकल्प पत्र दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा में अपने 50वें जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए विकास संस्थान के निदेशक तिलकेश जोशी ने मृत्युपरांत देहदान का संकल्प लिया। उन्होंने अपना देहदान संकल्प पत्र सार्वजनिक करते हुए परिवार की सहमति से मृत्यु के बाद अपनी पार्थिव देह चिकित्सा शिक्षा एवं मानव संरचना के अध्ययन के लिए रवींद्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज के मानव संरचना विभाग को सुपुर्द करने का संकल्प व्यक्त किया।
विकास संस्थान के हरिराम सदन की हर्षिता व्यास एवं नम्रता भावनानी ने बताया कि तिलकेश जोशी ने अपनी पुत्री ऋचा जोशी एवं धर्मपत्नी रेखा जोशी की अनापत्ति के बाद देहदान के लिए विधिवत पंजीकरण करवाया है। संकल्प के अनुसार मृत्यु के कुछ घंटों के भीतर परिवार की ओर से उनकी पार्थिव देह मेडिकल कॉलेज पहुंचाकर सुपुर्द की जाएगी।
प्रधानाध्यापक सुनील कुमार रावल ने बताया कि कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के संरक्षक शंकर लाल पंचाल, बजरंगलाल अग्रवाल, अध्यक्ष मुकेश टाक, कोषाध्यक्ष रामस्वरूप सुथार, प्रकल्प प्रभारी जगदीश भोई, सदस्य हरीश पानेरी तथा शिक्षा विभाग से ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ज्योति प्रकाश पटेल मौजूद रहे। परिवार की ओर से घनश्याम जोशी, हरेश जोशी, ऋचा जोशी एवं रेखा जोशी सहित स्कूल स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इस दौरान तिलकेश जोशी ने उपस्थितजनों के समक्ष अपना देहदान संकल्प पत्र सार्वजनिक किया। उन्होंने परिवारजनों से आग्रह किया कि उनकी मृत्यु के पश्चात इस संकल्प को याद रखते हुए उनकी पार्थिव देह मेडिकल कॉलेज को सुपुर्द की जाए, ताकि उसका उपयोग चिकित्सा शिक्षा और शोध के क्षेत्र में हो सके।
कार्यक्रम का संचालन हरिराम सदन के कुलदीप नायक ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन हीना व्यास ने किया। 50वें जन्मदिन पर लिया गया यह संकल्प मृत्यु के बाद भी चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए देह के उपयोग की उनकी प्रतिबद्धता को सार्वजनिक रूप से सामने लाता है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
