उदयपुर। शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को दो लाख रुपये की अवैध मांग पूरी न करने पर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपी की लगातार धमकियों और हाल ही में घर आकर डराने-धमकाने की वारदात के बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

घटना के अनुसार, शांति नगर, सेक्टर—14 स्थित आई ब्लॉक निवासी प्रदीप पुत्र स्व. कैलाश जोशी ने शिकायत में बताया कि आरोपी पिछले कई दिनों से उससे 2 लाख रुपये मांग रहा था और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहा था। पीड़ित के अनुसार 13 अक्टूबर की रात आरोपी शराब के नशे में उसके घर तक आ पहुंचा और फोन पर उसे बाहर बुलाकर परोक्ष रूप से जान से मारने की बात कही।

शिकायत में प्रदीप ने बताया कि आरोपी ने यह कहते हुए डराया कि “जैसे संजय भंडारी पर गोली चली है, वैसे ही तेरे ऊपर भी चल जाएगी।” पीड़ित ने दावा किया कि आरोपी ने अगली बार सीधे जान लेने की धमकी भी दी। इस दौरान आरोपी के साथ इंद्रजीत सिंह चांग नाम का व्यक्ति भी मौजूद था।

पीड़ित की शिकायत के बाद गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुट गई है।

उदयपुर में धमकियों और रंगदारी की यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था की चिंता बढ़ाती है, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर गहरी आशंका भी पैदा करती है। जांच के नतीजों का शहरवासियों को बेसब्री से इंतज़ार है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story