थौबावाड़ा: मुनि सुमंत्र सागर के सानिध्य में नवीन जिनालय का शिलान्यास 21 जून को
आचार्य सुनील सागर के शिष्य मुनि सुमंत्र सागर के ओडा आगमन पर ध्वजा परिवर्तन और नवीन जिनालय की निमंत्रण पत्रिका का विमोचन संपन्न हुआ।

ओडा नगर में मुनि श्री सुमंत्र सागर जी महाराज के सानिध्य में थौबावाड़ा के श्री 1008 श्रेयांसनाथ दिगंबर जैन बीस पंथी मंदिर के नवीन जिनालय शिलान्यास की निमंत्रण पत्रिका का विमोचन करते समाजजन।
थौबावाड़ा/ओडा। परम पूज्य आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज के परम शिष्य मुनि श्री सुमंत्र सागर जी महाराज का मंगल विहार थौबावाड़ा से ओडा नगर की ओर हुआ, जहाँ मुनिराज के सानिध्य में ध्वजा परिवर्तन का भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसी पावन श्रृंखला में श्री 1008 श्रेयांसनाथ दिगंबर जैन बीस पंथी मंदिर थौबावाड़ा के नवीन जिनालय के भव्य शिलान्यास समारोह की तैयारियां तीव्र हो गई हैं। आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक शिलान्यास महोत्सव की आधिकारिक निमंत्रण पत्रिका का मुनि श्री सुमंत्र सागर जी महाराज के कर-कमलों से भव्य विमोचन किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर थौबावाड़ा जैन समाज के श्रावकों ने मुनिराज की गरिमामयी उपस्थिति में समस्त समाजजनों को निमंत्रण पत्रिकाएं भेंट कीं और सभी से इस धर्म प्रभावना के कार्य में सम्मिलित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का विनम्र आग्रह किया। यह आयोजन क्षेत्र की आध्यात्मिक चेतना और जैन संस्कृति के संरक्षण में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।

