उदयपुर। शहर की व्यापारिक पहचान कही जाने वाली मालदास स्ट्रीट व्यापारी संस्था का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को फतहसागर स्थित एक निजी रिसोर्ट में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर व्यापारिक एकता, सहयोग और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चेंबर ऑफ कॉमर्स उदयपुर डिवीजन के अध्यक्ष पारस सिंघवी, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी, कांग्रेस नेता पंकज शर्मा एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स उदयपुर डिवीजन के कार्यकारी अध्यक्ष हिम्मत बडाला सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान संस्था के नव-निर्वाचित अध्यक्ष लोकेश कोठारी, महामंत्री अर्पण जैन, कोषाध्यक्ष पवनेश चौधरी सहित सभी पदाधिकारियों को पारस सिंघवी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने संस्था की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मालदास स्ट्रीट व्यापारी संस्था उदयपुर के व्यापारिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

कार्यक्रम संयोजक गजेन्द्र खाब्या एवं सह संयोजक सौरभ जैन ने बताया कि संस्था का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा करना, उनके सुख-दुख में सहभागी बनना एवं व्यापारिक उन्नति के लिए निरंतर कार्य करना है। संस्था द्वारा समय-समय पर महावीर जयंती समारोह, नाकोड़ा तीर्थ यात्रा, इनामी योजनाएं तथा ग्राहकों को प्रोत्साहित करने वाले विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।

कार्यक्रम के समापन पर संस्था के नवगठित पदाधिकारियों ने यह संकल्प लिया कि आने वाले समय में व्यापारिक हितों को सशक्त करने, पारस्परिक सहयोग को बढ़ाने और उदयपुर के आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए संस्था पूरी निष्ठा से कार्य करेगी। समारोह का समापन सामूहिक फोटो सेशन एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ।

फोटो: मालदास स्ट्रीट व्यापारी संस्था शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मंचासीन अतिथि व पदाधिकारी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story