मेनार/वल्लभनगर। सरकार भले ही विकास के दावों के साथ सड़कों का जाल बिछाने के लिए सरकारी खजाने का मुंह खोल रही हो, लेकिन धरातल पर यह विकास भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ता दिखाई दे रहा है। शुक्रवार शाम मेनार से रूण्डेड़ा मार्ग पर एक डंपर के सड़क में धंसकर पलटने की घटना ने सार्वजनिक निर्माण विभाग और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। भेरुजी भट्ट की कुई के समीप हुआ यह हादसा महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि घटिया निर्माण सामग्री और तकनीकी लापरवाही का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिसने राहगीरों की जान को जोखिम में डाल दिया है।

घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6 बजे भींडर से गिट्टी भरकर इंटाली स्टॉक की ओर जा रहा एक भारी भरकम डंपर जैसे ही डाक बंगला मेनार से धोली बावड़ी रूण्डेड़ा मार्ग पर स्थित भेरुजी भट्ट की कुई के पास पहुंचा, वहां की नवनिर्मित सड़क अचानक धंसने लगी। प्रत्यक्षदर्शी पपु भट्ट, गोपीलाल हिमावत, कालूलाल अकावत, लखन अकावत और रामलाल जाट पटवारी ने बताया कि डंपर के पहिए जमीन में समाते ही वाहन एक तरफ झुकने लगा। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर उसे नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते सड़क ताश के पत्तों की तरह ढह गई और डंपर पलट गया। यह महज एक सुखद संयोग रहा कि उस वक्त सड़क के किनारे कोई राहगीर या अन्य वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा एक बड़ी जनहानि निश्चित थी।

हादसे की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा और व्यवस्था के खिलाफ आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीण पिंटू सुथार और दयाल लुणावत ने निर्माण कार्य की पोल खोलते हुए बताया कि जिस सड़क का निर्माण महज 7-8 महीने पहले हुआ है, उसकी हालत आज जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने एक मोड़ को सुधारने के नाम पर वहां और भी विकट और खतरनाक मोड़ बना दिया है, जिससे वाहन चालक अक्सर अपना संतुलन खो देते हैं। कमजोर बेस, मानकों के विपरीत अधूरी भराई और विभागीय अधिकारियों की अनदेखी ने इस महत्वपूर्ण मार्ग को हादसों के हॉटस्पॉट में तब्दील कर दिया है।

विडंबना यह है कि दुर्घटनाग्रस्त डंपर जिस सामग्री को लेकर जा रहा था, वह भी रूण्डेड़ा के बगरू चौराहे से जायेडा बावजी तक बनने वाली उसी नई सड़क के लिए उपयोग की जानी थी, जो सीधे फतेहनगर को जोड़ती है। इस महत्वपूर्ण लिंक रोड पर हो रहे घटिया निर्माण ने क्षेत्रवासियों के मन में भय पैदा कर दिया है। अब ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच की जाए और दोषी ठेकेदार सहित गैर-जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि भविष्य में किसी मासूम की जान भ्रष्टाचार की बलि न चढ़े।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story