कपासन (प्रात:काल संवाददाता)। धार्मिक आस्था और श्रद्धा के वातावरण में समीपवर्ती तुरकिया खुर्द गांव स्थित खाखलिया श्याम मंदिर पर आयोजित तीन दिवसीय नौ कुंडीय महायज्ञ का बुधवार को विधि-विधानपूर्वक समापन हुआ। सांवलिया धाम आश्रम मुंगाना के महंत महामंडलेश्वर अनुजदास महाराज तथा संत रामपालदास महाराज की पावन उपस्थिति में पूर्णाहुति के साथ यह आध्यात्मिक आयोजन संपन्न हुआ।

सुबह के शुभ मुहूर्त में यजमानों ने वेद मंत्रों की गूंज के बीच आहूतियां अर्पित कीं। बाद में साधु-संतों के सान्निध्य में पूर्णाहुति दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल छा गया। समापन समारोह में विधायक अर्जुनलाल जीनगर, प्रधान भेरूलाल चौधरी और सांसद प्रतिनिधि श्रवण सिंह राव सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे। सभी ने इस धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं की आस्था को नमन किया।

महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया गया। विधि अनुसार पहले पांच कन्याओं को पूजन कर भोजन कराया गया, तत्पश्चात हजारों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की अनुशासित सहभागिता ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।

इससे पूर्व मंगलवार रात्रि को आयोजित भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक नरेश प्रजापत और गोपालदास वैष्णव ने माताजी, भेरुजी तथा बालाजी सांवलिया सेठ के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजन संध्या के दौरान विभिन्न धार्मिक झांकियों की प्रस्तुति भी दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तीन बजे तक श्रद्धालु भजनों की सुरमयी लहरियों में डूबे रहे।a

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story