मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान का उद्देश्य तभी सफल होगा जब कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बांसवाड़ा सहित संभाग के विभिन्न जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

वीसी के दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवार ईएफ इलेक्टर्स फॉर्म के वितरण की स्थिति, बीएलओ द्वारा घर-घर सर्वेक्षण की प्रगति, मैपिंग कार्य की स्थिति, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और अपात्र नामों को हटाने की गति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग के सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण हों, ताकि आगामी चुनावों के लिए मतदाता सूची पूर्ण और सटीक रूप में तैयार हो सके।

संभागीय आयुक्त ने आईटी हेल्प डेस्क की स्थापना, बीएलओ और बीएलए को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण से अधिकारी और कर्मचारी मतदाता सूची से संबंधित तकनीकी और प्रक्रिया संबंधी पहलुओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। उन्होंने स्वयंसेवक एवं सहायता डेस्क की स्थापना की जानकारी लेते हुए कहा कि इन माध्यमों से आमजन को फॉर्म भरने, नाम जोड़ने और संशोधन कराने में आसानी होगी।

उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सशक्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए जनजागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि हर पात्र मतदाता अपने नाम को मतदाता सूची में सुनिश्चित कर सके।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव, उपखंड अधिकारी सोनू कुमारी सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल रहे। संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक स्तर पर समन्वय बनाकर अभियान को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूर्ण किया जाए।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story