खेरवाड़ा। नयागांव उपखंड के ग्राम पंचायत थाणा स्थित आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय थाणा में खंड चिकित्सा अधिकारी (नयागांव) डॉ. निकुंज कलासुआ के कुशल निर्देशन में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच करना तथा बालिकाओं को किशोरी स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर के दौरान आयोजित जागरूकता सत्र में वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी दुर्गा तीरगर ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यौन शोषण और उत्पीड़न से बचाव के उपाय, स्पर्श की पहचान तथा अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के बारे में समझाया। साथ ही मासिक धर्म (महावारी) के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक स्वच्छता, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा संक्रमण एवं अन्य बीमारियों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी दुर्गा तीरगर ने किशोरियों में बढ़ रही रक्तअल्पता (एनीमिया) की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए पोषक आहार और लौह तत्त्व (आयरन) की गोलियों के नियमित सेवन की सलाह दी। उन्होंने गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी के शुरुआती लक्षणों, इसकी रोकथाम तथा इससे पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने में सहायक टीके (एचपीवी वैक्सीन) के महत्व की जानकारी दी और बालिकाओं को समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में पहुंची चिकित्सा टीम ने विद्यार्थियों का चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम में समुदाय स्वास्थ्य अधिकारी हेमिनी रोत, विष्णु लबाना, प्रयोगशाला सहायक कमलेश शर्मा, प्रसविका इन्द्रा गरासिया, गीता कुमारी तथा आशा सहयोगिनी संगीता तीरगर, अरुणा गरासिया एवं रक्षा गरासिया ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), शर्करा स्तर (शुगर), रक्त समूह (ब्लड ग्रुप), हीमोग्लोबिन, वजन और लंबाई की जांच की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्वस्थ पाए गए अथवा सामान्य शारीरिक समस्याओं से जूझ रहे विद्यार्थियों को आवश्यक परामर्श दिया गया तथा मौके पर ही उन्हें उचित एवं नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के सहायक निदेशक ईश्वर लाल पटेल तथा प्रधानाचार्य खेमराज प्रजापत विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए पूरी चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित ऐसे स्वास्थ्य शिविर बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। शिविर में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Dharnendra Jain( Kherwara)

Dharnendra Jain( Kherwara)

नाम: धरणेन्द्र जैन

वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)

कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें

अनुभव: 30 वर्ष से अधिक

परिचय 

धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:

  • वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
  • उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
  • वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story